विवाह अनुदान दो बार लेने को दो बार की शादी, एफआईआर

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) सरकार और शासन को चूना लगाकर दो बार विवाह अनुदान लेने के मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। थाना अमृतपुर के ग्राम बलीपट्टी निवासी नारायण पुत्र राजीव शुक्ला ने न्यायालय के आदेश पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें कहा कि गांव के ही जयपाल उर्फ भूरे पुत्र महेंद्र ने अपनी पुत्री पूजा के विवाह के लिए यूपी सरकार की विवाह अनुदान योजना के तहत 20 हजार की धनराशि प्राप्त की और उसका विवाह किया। उसके बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भी विवाहिता पुत्री पूजा को अविवाहित दिखाकर 35 हजार नकद और 10 दस हजार का उपहार भी झटक लिया और दोबारा 27 दिसंबर 2023 को बढ़पुर क्रिश्चियन कालेज मैदान में उसी लड़के के साथ पुत्री पूजा की सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करायी। पिता-पुत्री ने मिलकर कुल 45 हजार रुपए की धनराशि फर्जी रूप से प्राप्त की। मामले की तत्कालीन शिकायत सहायक विकास अधिकारी विशाल शर्मा से की तो उन्होंने जांच में भी दूषित आख्या प्रेषित की। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आदि जगह शिकायत की लेकिन कार्यवाही नहीं हुई। लिहाजा न्यायालय के आदेश पर आरोपी जयपाल उर्फ भूरे, पुत्री पूजा, सहायक विकास अधिकारी व एक अज्ञात के खिलाफ थाना अमृतपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच दारोगा विमल कुमार को दी गई है।