कोरोना से लड़ने की तैयारी की होगी मॉक ड्रिल

0
142

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दुनिया के कई देशों में बढ़ रहे कोविड के नए वैरियंट से जिला स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में कोविड संक्रमण से बचने और लड़ने की तैयारियों पर जनपद स्तर पर मंगलवार को मॉक ड्रिल की जाएगी। 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अवनीन्द्र कुमार  ने बताया कि वर्तमान में 1 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हैं। सभी चयनित सीएचसी पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जनपद में आक्सीजन और बेड की कोई कमी नहीं है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा की पूरी उपलब्धता है। मंगलवार को अगर कहीं कोई कमी दिखती है तो उसको तत्काल पूरी करने की कोशिश होगी| सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि कोविड संक्रमण से बचने के लिए अपनी एहतियाती डोज अवश्य लगवा लें। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और कोरोना प्रबंधन के नोडल अधिकारी डॉ० सर्वेश यादव का कहना है कि जिले में कोरोना से निपटने के लिए डॉ० राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में 40 बेड आक्सीजन सहित, सीएचसी बरौन में 50 बेड आक्सीजन सहित, कमालगंज में 20 बेड आक्सीजन सहित, मोहम्दाबाद में 30 बेड आक्सीजन सहित, कायमगंज में 15 बेड आक्सीजन सहित, राजेपुर में 15 बेड आक्सीजन सहित, साथ ही मेजर कौशलेन्द्र सिंह में 100 बेड का बार्ड बना हुआ है इसमें 50 बेड में आक्सीजन की तैयारी की गई है |
डॉ० सर्वेश ने बताया कि जिले की सीएचसी मेजर कौशलेन्द्र सिंह, मोहम्दाबाद, राजेपुर, कमालगंज, बरौन और डॉ राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में आक्सीजन प्लांट लगा हुआ है | अब किसी को भी आक्सीजन की कमी नहीं होगी | मॉक ड्रिल में कोरोना संक्रमित मरीज को अस्पताल में भर्ती से लेकर उपचार दिलाने की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा । डॉ० सर्वेश यादव ने बताया कि सभी जगह पर पीकू वार्ड तैयार  हैं| जिले में संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए डॉ० राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में 40 बेड का, सीएचसी बरौन में 12, कमालगंज में 12, मोहम्दाबाद में 12, फतेहगढ़ सीएचसी पर 12, राजेपुर में 12 और कायमगंज में 12 बेड का पीडियाट्रिक वार्ड बना हुआ है | जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० प्रभात वर्मा ने कहा कि जिले में 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग में अभी तक 1,51,012 बच्चों ने, 15 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में 2,54,697 किशोर किशोरियों ने, 18 से 44 वर्ष के  आयु वर्ग में 18,16,252 लोगों ने, 45 से 60 वर्ष के आयु वर्ग में 5,65,226 लोगों  ने और 60 वर्ष से ऊपर 3,83,474 लोगों के टीका लग चुका है | डॉ० वर्मा ने बताया कि  16,12,216 लोगों ने पहली खुराक लगवाई है व 14,79,856  ऐसे लोग हैं, जिन्होंने दोनों खुराक ले ली हैं। वहीं 3,70,414  लोगों को  एहतियाती डोज भी लगाया जा चुका है |

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]