फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मंगलवार को मदनपुर में आयोजितकिसान पंचायत में पंहुचे भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि किसान आयोग के गठन से किसानों को फायदा होगा। उनका संगठन इसकी मांग कर रहा है। फसलों का उद्योगपतियों को लाभ मिलता है, जबकि किसानों को फसल का उचित मूल्य भी नहीं मिलता है।
पंचायत में ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा किसान विरोधी नीतियों के कारण अन्नदाता परेशान है। किसान आयोग का गठन होना चाहिए। उसमें कोई राजनेता और अफसर शामिल न किया जाए। किसानों का प्रतिनिधिमंडल ही रखा जाए। किसानों की समस्या को किसान ही समझता है। उन्होंने कहा देश को आजादी तो मिली, लेकिन किसान आज भी आजाद नहीं है। उनकी फसलों का लाभ उद्योगपति उठा रहे हैं। किसान को उसकी फसल का उचित भाव नहीं मिलता है। उनका संगठन किसानों की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहा है।
कहा आज किसानों की हालत बहुत खराब है। इसको सुधारने के लिए सरकार को विशेष कदम उठाने होंगे। किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। सरकार किसान का कर्ज शून्य कर उसे कर्जा मुक्त करे। किसान आयोग का गठन कर अपना वादा पूरा करे। किसान को डीएपी की जरूरत है, जो उपलब्ध नहीं हो रहा है। तत्काल डीएपी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसान मजदूर की लड़ाई लड़ने के लिए युवाओं को आगे आना होगा, युवा संघर्ष करें हम उनके साथ हैं।खेती लागत बढ़ती जा रही है। फसल के दाम वाजिब नहीं मिलेंगे तो किसान की आय दोगुनी कैसे हो पाएगी? किसानों को बिजली और डीजल सस्ते में उपलब्ध कराया जाय, लागत कम हो सके।उन्होंने कहा की गन्ना किसान पैदा करे उससे चीनी बने, गेंहू किसान पैदा करे उससे आटा बने, तेल-घी और खोया किसान पैदा करे उससे बने रसगुल्ला उसे सरकार में बैठे लोग खाएं और किसान खाये सूखी रोटी यह अब नही चलेगा| अब किसान भी रसगुल्ला खायेगा| उन्होंने कहा सरकार कृषि बिल वापस ले या ना ले लेकिन किसान आयोग का गठन करे|
तकरीबन एक सैकड़ा कार्यकर्ता टिकैत छोड़कर भानु गुट में शामिल
कार्यक्रम में तकरीबन एक सैकड़ा कार्यकर्ता व पदाधिकारी भाकियू टिकैत को छोड़कर भानु गुट में शामिल हो गये| इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवनाथ सिंह चौहान, राष्ट्रीय मुख्य महासचिव देशराज भगत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प० सीता राम मदुगल,आनन्द पाठक प्रदेश संगठन मंत्री, प्रदेश सचिव प्रशांत यादव, जिलाध्यक्ष दुर्गा नारायण मिश्रा आदि रहे|



