कांग्रेस ने बिगड़ी कानून व्यवस्था का श्राद्ध कर पिंड किया विसर्जित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन अनोखे अंदाज में किया।  कांग्रेस नें प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में गंगा घाट पर एकत्रित होकर पहले सरकार का श्राद्ध किया इसके बाद  प्रतीकात्मक पिंड को गंगा में विसर्जित किया|
शहर के पांचाल घाट पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कटियार के नेतृत्व में कांग्रेसी एकत्र हुए| उन्होंने पहले प्रदेश सरकार के खिलाफ बिगड़ी कानून व्यवस्था का श्राद्ध किया| प्रदेश में कानून व्यवस्था को मृतप्राय मानते हुए विधि -पूर्वक श्राद्ध-कर्म मन्त्र के साथ कर्मकांड किया, कानून व्यवस्था के पिंड का विसर्जन गंगा में किया| इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
जिलाध्यक्ष नें कहा कि उप्र जंगलराज में तब्दील हो चुका है। कानून व्यवस्था मृत हो चुकी है। हर वर्ग बेहाल है सत्ता व अपराध के गठजोड़ का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व प्रदेश सचिव कौशलेन्द्र यादव ने कहा कि हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार पूरे प्रदेश में जोरों पर जारी है अब अपराधी खुद को उत्तर प्रदेश में सुरक्षित मानते है सत्ता संरक्षण के कारण अपराध में वृद्धि जारी है इसलिए मृत हो चुकी कानून व्यवस्था का आज विधि-पूर्वक श्राद्ध कर्म हुआ है।
इस दौरान कृष्ण गोपाल मिश्रा, अभय यादव, अरविन्द अग्निहोत्री, दीपक कुमार, राजीव शाक्य आदि रहे|