दगा दे गयी दमकल, ग्रामीण की गृहस्थी राख

0
119

फर्रुखाबाद: (कंपिल) थाना क्षेत्र के ग्राम ढडियापुर निवासी सुनील पुत्र अमर सिंह की झोपड़ी में बीती रात भीषण आग लग गयी। पीड़ित दमकल का फोन लगाता रहा लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। तब तक उसकी गृहस्थी जलकर राख का ढेर बन गयी। घटना की सूचना अधिकारियों को दी गयी है। खबर लिखे जाने तक कोई अधिकारी गरीब की गुहार सुनने नहीं पहुंचा।

[adrotate banner="3"]

सुनील कुमार बीते शुक्रवार की रात तकरीबन 7 बजे खाना खा पीकर पत्नी ईश्वरी देवी व अपने 6 बच्चों के साथ सो गये। देर रात तकरीबन एक बजे सुनील को झोपड़ी में आग लगने की जानकारी हुई। जब तक सुनील कुछ समझ पाता आग ने उसकी झोपड़ी को चारो तरफ से अपनी चपेट में ले लिया था। जैसे तैसे सुनील ने अपने परिवार को जलती झोपड़ी से बाहर निकाला। उसकी पत्नी ईश्वरी देवी अपनी भैंस को बचाने के चक्कर में झुलस गयी। आग में उसके कुत्ते के नवजात बच्चे भी जलकर मर गये। सुशील ने बताया कि उसने दमकल के 101 व पुलिस के 100 नम्बर पर कई फोन किये। लेकिन कोई नतीजा हासिल नहीं हुआ। आग से आलू के 9 बोरे, 10 कुन्तल धान, 5 बोरी खाद, 5 बोरी गेहूं, 20 कुन्तल भूसा, 1 पम्पिंग सैट, 1 साइकिल और 5 हजार की नगदी जलकर राख हो गयी। सुनील ने बताया कि 6 साल पूर्व भी उसके घर में आग लगी थी। जिसमें गृहस्थी जल गयी थी। ग्राम प्रधान सौरभ पाण्डेय ने सम्बंधित लेखपाल को मामले की जानकारी दी।

[adrotate banner="2"]