कोर्ट परिसर में पूर्व ब्लाक प्रमुख को गोली मारी

23_02_2015-court1_sलखनऊ: मुजफ्फरनगर में विक्की त्यागी हत्याकांड की तर्ज पर आज सुबह मुरादाबाद कोर्ट में डिलारी के पूर्व ब्लाक प्रमुख योगेंद्र सिंह उर्फ भूरा पर फायरिंग कर दी गई। अधिवक्ताओं ने दो हमलावरों को पकड़ लिया है, जबकि एक फरार हो गया। घटना के पीछे रंजिश बताई जा रही है।

भूरा को मुरादाबाद जिला अस्पताल ले जाया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी है। वह अपने भतीजे रिंकू की हत्या में जेल में बंद था। आज उसे पेशी पर सीजेएम कोर्ट लाया गया था। कोर्ट के पीछे ही उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना के पीछे बताया जा रहा है कि रिंकू के परिजनों ने भी उसपर हमला किया है।

घटना की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है। अधिवक्ताओं ने दोनों हमलावरों को एसीजेएम-2 की कोर्ट में बंद कर दिया है। घटना को लेकर कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मची हुई है।