विदेश मंत्री के शहर पहुंचते ही जगह जगह जोरदार स्वागत

0
109

फर्रुखाबाद: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कायमगंज रूट से होते हुए जैसे ही केन्द्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का काफिला हथियापुर पहुंचा तो वहां पहले से ही इंतजार में बैठे कांग्रेसी नेताओं ने सलमान खुर्शीद का जोरदार नारेबाजी व ढोल तांशों से स्वागत किया। जगह जगह हुए स्वागत से सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद गदगद दिखे। देर शाम नगर भ्रमण के बाद मंत्री फतेहगढ़ से अपने पैतृक गांव पितौरा के लिए रवाना हो गये। जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।

[adrotate banner="3"]

बीते दिनों ट्रस्ट घोटाले के आरोप में फंसने के बाद कई दिनों तक मीडिया की सुर्खियों में छाये रहे सलमान खुर्शीद ने मामले को ठंडा पड़ने के बाद जनपद में प्रवेश किया तो उनके सर पर कानून मंत्री की जगह विदेश मंत्री का ताज था। अपनी पत्नी लुईस व साली एनावेल के साथ हथियापुर पहुंचे। जहां पहले से ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन के अलावा संजीव मिश्रा बॉबी, कौशलेन्द्र सिंह लालू आदि लोग खड़े थे। मंत्री का काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। ढोलतांशों से हुए स्वागत के बाद मंत्री का काफिला फर्रुखाबाद के लिए चल दिया। जिसके बाद बीबीगंज में फुरकान अहमद के निवास पर कुछ देर मंत्री ने बैठ कर वार्ता की जिसके बाद काफिला चला तो मऊदरवाजा थाने के सामने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला ने विकलांगों द्वारा मंत्री का स्वागत कराया। इसके बाद काफिला पक्कापुल, चौक, घुमना व बूरा वाली गली के नुक्कड़ पर पहुंचा जहां वैश्य समाज की तरफ से सभासद पंकज गुप्ता के पुत्र ने मंत्री सलमान खुर्शीद को 11 किलो की माला पहनाकर गदा भेंट की। बढ़पुर में शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ईश्वरदयाल सैनी ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। अन्य कई जगह भी स्वागत का क्रम चला। फतेहगढ़ चौराहे पर रवीश द्विवेदी से स्वागत सत्कार कराने के बाद मंत्री कैन्ट होते हुए सोता बहादुर पुर पहुंचे जहां उन्होंने एक होटल पर बैठकर चाय की चुस्कियों का आनंद लिया और भुने हुए आलू भी खाये। काफिला आगे बढ़ा तो घटियाघाट से मसेनी चौराहा होते हुए सेन्ट्रल जेल, रखा रोड, जे एन वी रोड से गुजर कर पी डब्लू डी गेस्टहाउस पहुंच गया। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से बात करने से पहले मीडिया से वार्ता की। तकरीबन 7 बजे विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद अपने पैतृक गांव पितौरा के लिए रवाना हो गये। जहां रात्रि विश्राम करने के बाद रविवार को अन्य कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।

[adrotate banner="2"]