कांग्रेसियों ने पुतला फूंका, काले झण्डे दिखाये, भाकियू की गाड़ी तोड़ी

फर्रुखाबाद: अरविंद केजरीवाल की सभा को लेकर जहां सलमान खुर्शीद ने उन्हें गृह जनपद आने की चुनौती दी थी। जिसको लेकर प्रशासन केजरीवाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहुत ही संवेदनशील बना हुआ है। कांग्रेसियों को सुबह से ही सभा स्थल से दूर रखने के बावजूद कांग्रेसियों ने अरविंद केजरीवाल को काले झण्डे दिखाये। वहीं कांग्रेसियों के विरोध में उतरे भाकियू नेताओं की गाड़ी कांग्रेसियों ने तोड़ दिया।

प्रशासन की तरफ से 400 जवान व पुलिस अधिकारियों की तैनाती किये जाने के बाद भी केजरीवाल का विरोध प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेसी सुबह से ही अपना ताना बाना बुन रहे थे। जिसको लेकर सुबह से ही कांग्रेसी बढ़पुर ब्लाक के सामने स्थित कौशलेन्द्र सिंह के आवास के बाहर इकट्ठे हो गये थे। अरविंद केजरीवाल की सभा में आ रहे भाकियू के कार्यकर्ताओं से पहले ही कांग्रेसियों से झड़प हो चुकी थी। लेकिन अरविंद केजरीवाल के फतेहगढ़ से सभा स्थल की तरफ बढ़ते ही कांग्रेसियों ने काले झण्डे लहराने शुरू कर दिये। इसके बाद उनके बचाव में उतरी भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से जमकर झड़प हुई। झड़प के बाद कांग्रेसियों ने भाकियू की एक गाड़ी को भी तोड़ दिया।