फूल तोड़ने को लेकर संतों व ग्रामीणों में पथराव, फायरिंग, आगजनी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन में स्थित संतदास आश्रम से बच्चे द्वारा फूल तोड़ लेने के बाद हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि आश्रम पर मौजूद संतों ने फायरिंग के साथ ही बच्चे के साथ मारपीट की। जिसके बाद ग्रामीणों व संतों में जमकर ईंट पत्थर चले। एक ग्रामीण की झोपड़ी में आग लगा देने की भी सूचना मिली है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह स्वामी संतदास महाराज आश्रम सिविल लाइन फतेहगढ़ के सामने लगे फूलों को तोड़ने के लिए सिविल लाइन निवासी कश्मीर पुत्र राकेश गया। जिस पर आश्रम में मौजूद बाबा के भक्तों ने उसे फूल तोड़ने से मना किया। लेकिन कश्मीर फूल तोड़ने की जिद पर अड़ गया और फूल तोड़ने लगा। इसी पर वहां मौजूद भक्तों ने उसे जमकर पीट दिया। कश्मीर ने संतों द्वारा पीटे जाने की सूचना अपने परिजनों व अन्य ग्रामीणों को दी तो भारी संख्या में ग्रामीण आश्रम पर आ गये। जिसके बाद आश्रम के संतों ने ग्रामीणों पर ईंट पत्थर चलाने शुरू कर दिये तो दूसरी तरफ से भी जबाबी ईंट पत्थर चलने शुरू हो गये। जिसके बाद बबाल इतना बढ़ गया कि संतों की तरफ से ग्रामीणों पर फायरिंग शुरू कर दी गयी। संतों ने गांव के ही राकेश की झोपड़ी में आग लगा दी।
विवाद बढ़ता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने दोनो पक्षों को समझा बुझाकर फिलहाल शांत कर दिया है। ग्रामीणों की तरफ से आश्रम के महंत उमाशंकर त्रिपाठी महंत, गुरुचरनदास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गयी है।
विदित हो कि आश्रम को लेकर पहले भी संतों व ग्रामीणों में कई बार विवाद हो चुका है। जिस पर आश्रम के महंत व गांव के उमेशचन्द्र, लालाराम से अदालत में मुकदमा भी चल रहा है। उमेशचन्द्र व लालाराम का आरोप है कि संतों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर आश्रम बना लिया है।