फालोअप : मूड़ में फायरिंग कर रहे थानाध्यक्ष के हाथ से गिर गयी थी सर्विस रिवाल्वर

Uncategorized

फर्रुखाबाद : थानाध्यक्ष कमालगंज सुनील तिवारी महिला मालती की बरामदगी करने के लिए उसकी ससुराल टाडा बहरामपुर में पहुंचे तो महिला को जबर्दस्ती गाड़ी में बैठाने को लेकर ग्रामीणों के विरोध के बाद तैश में आये थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने ग्रामीणों पर अपनी हनक बनाने के लिए अपनी सर्विस रिवाल्वरसे भागते समय दो फायर किये। ग्रामीणों के अनुसार थानाध्यक्ष चूंकि मूड़ में थे इसलिये भागते समय उनकी सर्विस रिवाल्वर हाथ से छूट गयी। जिस पर ग्रामीणों ने उनकी पिटायी कर दी।

विदित हो कि बीते शुक्रवार शाम तकरीबन साढ़े चार बजे टांडा बैरामपुर निवासी टिंकू जाटव की पत्नी मालती की बरामदगी कराने के लिए पहले कमालगंज थाने से दरोगा राजकिशोर अवस्थी व एक सिपाही गया था। साथ में ही मालती के मायके कुबेरपुर कायमगंज  निवासी उसके पिता लखमी जाटव व लखमी के साथ शावेज नाम का एक युवक भी गया। जिस पर ग्रामीणों ने शावेज के साथ महिला मालती को भेजने से इंकार कर दिया। चौकी इंचार्ज ने जब जबर्दस्ती करनी चाही तो ग्रामीण चौकी इंचार्ज पर हाथापाई के लिए आमादा हो गये व उन्होंने शावेज की धुनाई कर दी। जिसकी जानकारी चौकी इंचार्ज ने थानाध्यक्ष कमालगंज सुनील तिवारी को दी। सुनील तिवारी थाने के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये व महिला को जबर्दस्ती घर से खींचने लगे। जिस पर महिला के ससुर महेश जाटव, पति टिंकू जाटव व अन्य ग्रामीणों व परिजनों ने विरोध किया था। जिस पर थानाध्यक्ष ने बल प्रयोग कर महिला व उसके पिता को अपने सरकारी जीप से गांव से भिजवा दिया, साथ में कुछ सिपाही भी गये। थानाध्यक्ष सुनील तिवारी की झड़प गांव के प्रधान से भी हुई लेकिन उन्होंने प्रधान को भी धक्का दे दिया।

महिला मालती को जीप में जाता देख उसकी ननद सरिता अपनी भाभी को पकड़ने के लिए भागी। लेकिन उसे पकड़ न सकी। तब तक पुलिस जीप काफी आगे निकल गयी थी। इधर गांव में थानाध्यक्ष अपने एक-दो हमराही साथियों के साथ ही बचे थे व ग्रामीण गांव की बहू को जबर्दस्ती ले जाने पर थानाध्यक्ष के साथ कहासुनी कर रहे थे। टांडा बहरमपुर के ग्रामीण रवीशंकर व गौतम ने बताया कि ग्रामीणों ने चारों तरफ से थानाध्यक्ष सुनील तिवारी को घेर रखा था लेकिन ग्रामीण थानाध्यक्ष को मारना पीटना नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष ने दबंगई दिखाते हुए हम लोगों पर हवाई फायर झोंका, जिससे ग्रामीण सकते में आ गये क्योंकि थानाध्यक्ष मूड में थे व ग्रामीणों को लगा कि ये बड़ा हादसा न कर दें तो हम लोग उन्हें पकड़ने के लिए दौड़े तो वह अपनी जान बचाकर भागने लगे।भागते समय ही थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों पर फायर किये थे। भागते समय मूड़ में होने की बजह से उनका सर्विस रिवाल्वर गिर गया। रिवाल्वर गिरते ही ग्रामीण थानाध्यक्ष पर हावी हो गये व रोड के किनारे थानाध्यक्ष सुनील तिवारी की जमकर पिटायी कर दी।

थानाध्यक्ष को पिटते देख भाग गये थे हमराही सिपाही

थानाध्यक्ष सुनील तिवारी को जिस समय ग्रामीण धान के खेत में गिराकर पीट रहे थे तो बचे हुए अन्य पुलिसकर्मी मौका देखकर खिसक गये। जिस बजह से थानाध्यक्ष की हिम्मत भी जबाव दे गयी। ग्रामीणों ने उनकी सर्विस रिवाल्वर उठाकर उसकी वट से ही कई वार उनके शरीर पर किये। जिससे थानाध्यक्ष चुटहिल हो गये। बाद में ग्रामीणों ने उनकी सर्विस रिवाल्वर उन्हें वापस कर दी।

कई बार ग्रामीणों को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका था शावेज

जानकारी के मुताबिक महिला मालती के पिता लखमी जाटव के साथ आये उसके ही गांव के युवक शावेज को ग्रामीणों ने बहरामपुर में कई बार देखा। जिस पर टोका टाकी करने पर शावेज ने ग्रामीणों को पूरा गांव बम से उड़ा देने की धमकी दी थी। जिस पर ग्रामीणों ने कई बार विरोध भी जताया था। लेकिन शावेज व मालती के बीच अवैध सम्बंधों की चर्चा भी गांव में जंगल की आग की तरह फैली हुई है। लेकिन महिला मालती का कहना है कि उसने शावेज को इससे पहले कभी नहीं देखा। यह युवक उसके पिता के यहां आता जाता है।

महिला के दो मोबाइलों में दफन हैं शावेज व मालती के बीच सम्बंधों के राज

देर रात पुलिस ने कई बार महेश जाटव के घर दबिश दी। इस दौरान गांव में दहशत का माहौल बना रहा। देर रात पहुंचे पुलिस के बड़े अधिकारियों ने महिला मालती द्वारा प्रयोग किये जाने वाले दो मोबाइल सेटों को अपने कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों का मानना है कि महिला मालती इसी मोबाइल से शावेज से बात किया करती थी। दोनो के बीच में क्या सम्बंध थे इस बात का खुलासा मोबाइल के काल डिटेल  निकलवाने पर ही मिल सकेगा। फिलहाल महेश जाटव अपने पूरे परिवार के साथ घर से लापता है। घर के मुख्य द्वार पर ताला लटका है जबकि अंदर का कमरे का दरबाजा पूरा का पूरा खुला पड़ा है। पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही है। जिससे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि खिसियायी पुलिस किसी भी वक्त हमला बोल सकती है।