अवैध वसूली करते पाए गए तो सीधे सीओ और थानाध्यक्ष जिम्मेदार: डीजीपी

Uncategorized

प्रदेश के पुलिस मुखिया अम्बरीश कुमार शर्मा ने माना है कि यातायात और नागरिक पुलिस वसूली में लिप्त है, यह पुलिस विभाग और पुलिसिंग के दामन पर दाग लगा रहे हैं। इसकी जानकारी इलाके के सीओ और एसओ को भी रहती है। थानों पर बगैर बिचौलियों के कोई काम नहीं होता। उन्होंने इन सब पर लगाम कसने के निर्देश दिए।

 

प्रदेश के सभी जिला कप्तानों, रेलवे पुलिस के मुखिया को सर्कुलर भेजकर उन्होंने सीधे कहा है कि अब अगर किसी भी क्षेत्र में पुलिस वाले ठेलों, खोमचों, टेम्पो स्टैंड पर अवैध वसूली करते पाए गए तो सीधे उस क्षेत्र के सीओ और थानाध्यक्ष जिम्मेदार माने जाएंगे।  यह निर्देश उन्होंने सभी डीआईजी, एसएसपी, रेलवे आैर जोनल पुलिस महानिरीक्षक, परिक्षेत्रीय उपनिरीक्षकों और अपर पुलिस महानिदेशक, रेलवे को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ऐसे तत्वों को चिह्नित किया जाना चाहिए, जो अवैध वसूली में शामिल हैं। उनके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर खड़े हर ठेले, खोमचे और टेम्पो-टैक्सी वालों से हो रही अवैध वसूली से विभाग की छवि चौपट हो रही है। वहीं, अव्यवस्थित यातायात से लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी जिलों के डीआईजी, एसएसपी को पुलिस की अवैध वसूली के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

 

डीजीपी शर्मा ने लिखा है कि यह कतई संभव नहीं कि बगैर सीओ और एसओ की जानकारी के यह अवैध वसूली की जा रही हो। जिस क्षेत्र में भी अवैध वसूली पकड़ी जाती है, चाहे ऐसी अवैध गतिविधि नागरिक पुलिस करे या यातायात पुलिस, अब इसके लिए क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष ही जिम्मेदार होंगे।