पत्नी के नामांकन के लिये एक दिन पूर्व से डेरा डालेंगे कानून मंत्री

Uncategorized

फर्रुखाबाद: सदर विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लुइस खुर्शीद के 31 जनवरी को प्रस्तावित नामांकन जुलूस के लिये केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद  के 30 जनवरी को यहां पहुंचने की सूचना है। इसी के साथ ही सपा, बसपा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सभाओं की तयारी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री मायावती 13 फरवरी को यहां आयेंगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह 11 फरवरी को पुन: नवाबगंज व शमसाबाद में सभाओं को संबोधित करने आयेंगे।

केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद 30 व 31 जनवरी को फर्रुखाबाद में ही रुककर चुनावी माहौल बनायेंगे व 31 जनवरी को अपनी पत्नी के नामांकन में सम्मिलित होंगे। सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सचिव बाबू दर्शन सिंह फर्रुखाबाद जनपद में स्टार प्रचारक बनाये गये हैं। अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी कार्यक्रम मांगे जा रहे हैं। बसपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल जाटव ने बताया कि 13 फरवरी को मुख्यमंत्री मायावती क्रिश्चियन कालेज मैदान में सभा संबोधित करेंगी।

जक्रांपा के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह 11 फरवरी को नवाबगंज व शमसाबाद में पुन: आकर सभायें करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत ने बताया कि पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाह, विनय कटियार, उमा भारती, राजनाथ सिंह एवं कलराज मिश्र के कार्यक्रम मांगे गये हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी व स्टार प्रचारक उमा भारती 31 जनवरी को कन्नौज में सभा करेंगी। सभा में जिले के चारो प्रत्याशी व वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होने कन्नौज जायेंगे।