अन्ना टीम गिरफ्तार- लाइव अनशन, लखनऊ में भी प्रदर्शन

Uncategorized

अन्‍ना हजारे अपने अनशन के लिए अड़े हुए हैं। दिल्‍ली पुलिस और केंद्र सरकार अन्‍ना के अनशन को रोकने की हर संभव कोशिशों में लगी हुई है। टीम अन्‍ना और सरकार के बीच चूहे बिल्‍ली का खेल जारी है।

अन्‍ना लाइव के ताज़ा अपडेट देखने के लिए कृपया इस पेज को रिफ्रेश करते रहें

4:05 बजे। तिहाड़ जेल में अन्‍ना हजारे को जेल नंबर 4 में रखा जायेगा।

3:40 बजे। अन्‍ना के शपथपत्र देने से इनकार करने पर दिल्‍ली पुलिस ने उन्‍हें न्‍यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया। यानी अगर अन्‍ना अपना अनशन जारी रखते हैं, तो वो तिहाड़ प्रशासन के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द होगा।

3:20 बजे। दिल्‍ली पुलिस ने साफ किया कि अन्‍ना हजारे ने शपथ पत्र देने से इनकार कर दिया है। इस के तहत उन्‍हें लिखित देना था कि वो देश की जनता से प्रदर्शन करने की अपील नहीं करेंगे।

3:05 बजे। दिल्‍ली पुलिस के डीसीपी पश्चिम कार्यालय में बैठे अन्‍ना के बारे में सही सूचना नहीं मिलने पर समर्थकों ने कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। पांच मिनट पहले हंगामें के दौरान पुलिस से झड़प भी हुई।

3:00 बजे। प्रसिद्ध कवि कुमार विश्‍वास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वो भी अन्‍ना के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।

2:55 बजे। अन्‍ना हजारे ने मजिस्‍ट्रेट के समक्ष पेशी के दौरान जमानत लेने से इंकार कर दिया है, हालांकि अभी अन्‍ना को पुलिस ने यहीं बिठाये रखा है।

2:47 बजे। जेल में परिवर्तित छत्रसाल स्‍टेडियम में 3000 लोग पहुंच चुके हैं। ये सभी गिरफ्तार किये गये लोग हैं। अब पुलिस गिरफ्तार हुए लोगों को रखने के लिए अन्‍य स्‍टेडियमों में भेज रही है।

2:30 बजे। अन्‍ना हजारे के बारे में मीडिया ने चिदंबरम से पूछा तो वो बोले उन्‍हें पता नहीं अन्‍ना कहां हैं।

2:15 बजे। हरियाणा के सोनीपत में जहां अन्‍ना के समर्थकों ने ट्रेन रोकी थी, वहां प्रदर्शन थम गया है, ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।

2:00 बजे। प्रणब मुखर्जी ने कहा कि अन्‍ना की गिरफ्तारी उनकी जिद का नतीजा है।

1:45 बजे। दिल्‍ली में जगह-जगह प्रदर्शन और बारिश के बीच हर तरफ जाम की स्थिति उत्‍पन्‍न हो गई है। यूं कहिये कि पूरी दिल्‍ली को प्रदर्शन और जाम ने जकड़ लिया है।

1:35 बजे। प्रशांत भूषण ने अन्‍ना की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने दोपहर 2 बजे सुनवाई का समय दिया है।

1:31 बजे।
लखनऊ, आगरा, वाराणसी, इलाहाबाद समेत पूरे उत्‍तर प्रदेश में अन्‍ना के समर्थकों, व्‍यापारियों, शिक्षकों का प्रदर्शन जारी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील हड़ताल पर गये।

1:25 बजे। लखनऊ में व्‍यापारियों, अन्‍ना समर्थकों और आम लोगों का प्रदर्शन जारी, हाई कोर्ट के वकील हड़ताल पर गये।

1:15 बजे।
दिल्‍ली पुलिस अन्‍ना हजारे को डीसीपी वेस्‍ट के कार्यालय ले गई है। यहीं पर उनकी पेशी संभव है।

1:11 बजे। केंद्रीय मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून के दायरे में रहकर ही विरोध करना जायज है।

1:00 बजे। प्रशांत भूषण ने कहा है कि कल दिल्‍ली में इंडिया गेट से लेकर संसद भवन तक एक भारी जुलूस निकाला जायेगा, जिसमें हजारों लोग पहुंचेंगे।

12:45 बजे। दिल्‍ली के 12 स्‍टेडियम जेल में तब्‍दील। जहां से भी पकड़े जायेंगे अन्‍ना के समर्थक, वहीं से नजदीकी स्‍टेडियम में भेजा जाएगा। अब तक 3500 समर्थक गिरफ्तार।



12:30 बजे।
अन्‍ना की समर्थक व आरटीआई कार्यकर्ता की भोपाल में गोली मार कर हत्‍या।

12:05 बजे। भोपाल, इंदौर, नागपुर में प्रदर्शन तेज।

11:55 बजे। अभी-अभी खबर मिली है कि दिल्‍ली पुलिस ने टीम अन्‍ना के सदस्‍यों के रात भर फोन टैप करने के बाद की अन्‍ना की गिरफ्तारी।

11:45 बजे। अन्‍ना हजारे को मजिस्‍ट्रेट के समक्ष पेश करने की तैयारी, जगह का खुलासा नहीं। सूत्रों के मुताबिक छत्रसाल स्‍टेडियम ले जाएगी पुलिस।

11:40 बजे। मुंबई में लोग सड़कों पर उतरे। दादर में दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। वहीं लखनऊ में प्रदर्शन जारी है, हजरतगंज में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

11:29 बजे। दिल्‍ली पुलिस ने अधिकारिक रूप से अन्‍ना की गिरफ्तारी की बात कह दी है। पुलिस अब अन्‍ना को मजिस्‍ट्रेट के सामने पेशी के लिए ले जा रही है।

11:24 बजे। प्रशांत भूषण ने कहा कि क्‍या सदन में बैठे लोग ही देश चलायेंगे, या जनता चलायेगी। प्रशांत भूषण ने देश की जनता से अपील की कि कल छुट्टी लेकर इस आंदोलन में शामिल हों।

11:22 बजे।
प्रशांत भूषण ने कहा है कि देश में इमर्जेंन्‍सी लैसे हालात बन चुके हैं। जो लोग इस लोकतंत्र के इस हनन के खिलाफ हैं, वो अपनी बांह पर काली पट्टी बांध कर चलें। सरकारी मुलाजिम भी इस आंदोलन में शामिल हों। अगर सरकारी कर्मचारी भी प्रदर्शन में आयेंगे, तो भी उनका सरकार कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

11:15 बजे। दिल्‍ली पुलिस अन्‍ना हजारे को ठीक उसी प्रकार तड़ीपार करने की तैयारी कर रही है, जिस तरह बाबा रामदेव को किया गया था।

11:12 बजे। संतोष हेगड़े ने बेंगलुरु में आंदोलन शुरू कर दिया है। यहां दिल्‍ली में प्रशांत भूषण ने कहा कि 12 बजे दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के हजारों छात्र छत्रसाल मैदान पहुंचेंगे, जहां सभी गिरफ्तारी देंगे।

11:10 बजे। आफीसर्स मेस के बाहर समर्थकों की भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस ने अन्‍ना को यहां से शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।

11:00 बजे। ऑफीसर्स मेस के बाहर मौजूद हमारे संवाददाता रजेश राय के मुताबिक अन्‍ना ने खाना-पीना छोड़‍ दिया है। किरण बेदी को छत्रसाल स्‍टेडियम ले जाया गया है।

10:57 बजे। अभी-अभी सूत्रों से खबर मिली है कि अन्‍ना हजारे ने ऑफीसर्स मेस में अनशन शुरू कर दिया है। यहां उन्‍होंने खाना-पीना छोड़ दिया है। हम आपको बता दें कि अन्‍ना को पुलिस ने ऑफीसर्स मेस में रखा है।

10:50 बजे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह कोई छोटा मोटा राजनीतिक विरोध नहीं है। आज अन्‍ना हजारे जनता का प्रतिनिधित्‍व कर रहे हैं। रामदेव बाबा के अनशन के दौरान कई बड़े-बूढ़ों को पीटा गया। अंबिका सोनी का बयान सीधे तौर पर भ्रष्‍टाचार को बढ़ावा देने का ऐलान है। अंबिका सोनी के बयान से यही संदेश जा रहा है कि कांग्रेस सरकार भ्रष्‍टाचार के खिलाफ किसी भी आवाज़ को बर्दाश्‍त नहीं करेगी।

10:40 बजे। सरकार की ओर से सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा कि दिल्‍ली पुलिस पर कोई दबाव नहीं है। पुलिस ने सिर्फ इसलिए अन्‍ना को हिरासत में लिया, क्‍योंकि इस समय सदन चल रहा है। सदन के चलते वक्‍त आप अनशन नहीं कर सकते।

10:35 बजे। दिल्‍ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अन्‍ना हजारे की पेशी सिविल लाइंस स्थित ऑफीसर्स मेस में होगी। अन्‍ना इस समय हीं मौजूद हैं।

10:31 बजे। प्रशांत भूषण ने कहा कि वो अन्‍ना की गिरफ्तारी के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी शुरू कर दी है।

10:25 बजे। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी ने कहा कि अन्‍ना की गिरफ्तारी से उन्‍हें कोई आश्‍चर्य नहीं है, उन्‍हें पहले से ही अंदेशा था कि कांग्रेस ऐसा ही करेगी।

10:15 बजे। हरियाणा में अन्‍ना समर्थकों ने ट्रेन रोक दी है। इस कारण राज्‍य में रेल व्‍यवस्‍था ध्‍वस्‍त होने की आशंका गहरा गई है।

10:07 बजे। अन्‍ना आंदोलन को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बैठक शुरू कर दी है। इस बैठक में आंदोलन को रोकने की रणनीति बनायी जा रही है।

10:00 बजे। अन्‍ना आंदोलन की आग पूरे देश में फैल चुकी है। लखनऊ में अन्‍ना के समर्थकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है, वहीं सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में अन्‍ना समर्थकों ने चक्‍का जाम कर दिया है।

9:50 बजे। पूर्व कानून मंत्री व लोकपाल बिल ड्राफ्टिंग कमेटी के सदस्‍य शांति भूषण को हिरासत में ले लिया गया है। उन्‍हें 13 अलीपुर रोड स्थित गजटेड आफीसर्स मेस ले जाया जाएगा।

9:40 बजे। संसद में सत्र शुरू होने का समय करीब आ रहा है। खबर है कि सदन के बाहर हंगामा कर सकते हैं।

9:30 बजे। चलिये हम आपको एक बार फिर अन्‍ना की उस बात पर ले चलते हैं, जो उन्‍होंने गिरफ्तारी के पहले कहा- मैं अनशन करने जा रहा हूं, और मुझे पता है कि सरकार मुझे गिरफ्तार कर लेगी। अगर ऐसा होता है, तो देश वासियों पीछे हटने की जरूरत नहीं। आप लोग आंदोलन जारी रखियेगा। यह देश में आजादी का एक और आंदोलन है।

मेरी गिरफ्तारी के साथ आंदोलन रुकना नहीं चाहिये। आप लोग अपने-अपने घरों से निकलें और अगर पुलिस गिरफ्तार करे तो आप भी गिरफ्तार हो जायें। देखते हैं सरकार की जेलों में कितनी जगह है। आजादी की लड़ाई का इतिहास दोहराने का समय आ गया है। आप पीछे मत हटें। रही बात मेरी तो मेरे बाद भी और लोग हैं, जो इस आंदोलन को आगे बढ़ायेंगे। अरविंद केजरी वाल और किरण बेदी जैसे लोग इस आंदोलन को आगे बढ़ायेंगे। इसमें आप उनका साथ दीजिये।

9:25 बजे। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संतोष हेगड़े ने सरकार से सवाल किया है कि क्‍या हम अपने ही देश में स्‍वतंत्र नहीं हैं, अगर नहीं, तो सरकार का यह कदम लोकतंत्र पर हमला है।

9:20 बजे। बेंगलुरू की सड़कों पर शहर के सैंकड़ों बच्‍चे व युवा अन्‍ना के समर्थन में निकल चुके हैं। अन्‍ना के समर्थन में नारे लगाते बच्‍चे व युवा भ्रष्‍टाचार के खिलाफ इस आंदोलन की आग को देश भर में फैलाने का काम कर रहे हैं। साढ़े नौ बजे के करीब यह रैली शहर के जयनगर इलाके से गुजरी, जिसमें डेढ़ हजारे से ज्‍यादा लोग शामिल हुए। इस रैली में लगातार लोग जुड़ते जा रहे हैं।

9:04 बजे। गिरफ्तारी से ठीक पहले अन्‍ना ने देश के नाम अपने संदेश को रिकॉर्ड किया, जिसे अभी-अभी जारी किया गया है। अन्‍ना ने कहा, “मैं गिरफ्तार हो भी जाऊं तो भी आंदोलन जारी रखना। क्‍योंकि गिरफ्तारी के बाद मुझे मौका नहीं दिया जायेगा, इसीलिए मैं यह कह रहा हूं। अपने इस आंदोलन को ठंडा मत पड़ने दें। ”

8:50 बजे। हिरासत में लिये जाने के बाद किरण बेदी ने कहा कि हिरासत और गिरफ्तारी में कोई फर्क नहीं, हिरासत यानी टेंम्‍परेरी एरेस्‍ट। इस हिसाब से पुलिस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया है, अब पता नहीं ये लोग कहां लेकर जायेंगे।

8:45 बजे। कांग्रेस सरकार का एक भी मंत्री अभी आगे नहीं आया है। सरकार ने सोची समझी रणनीति के तहत अन्‍ना को हिरासत में ले लिया है।

8:39 बजे। दिल्‍ली की सड़कों पर अन्‍ना के समर्थक निकल चुके हैं। मयूर विहार में हजारों की तादाद में लोग सड़कों पर आ चुके हैं।

8:35 बजे। अन्‍ना हजारे को अलीपुर स्थित गज़टेड ऑफीसर मेस ले जाया गया है। यहीं पर अरविंद केजरीवाल को पुलिस ले गई है। खबर है कि किरण बेदी को भी यहीं लाया जायेगा।

8:32 बजे। जी न्‍यूज से बातचीत में महात्‍मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने कहा कि सरकार के इस तरह के आचरण से लोगों में निराशा सी जाग रही है। सरकार ने जो आज किया है, वो लोकतंत्र को खतरे में डालने जैसा है। कानून व्‍यवस्‍था का बहाना बनाकर सरकार ने गलत किया है। यह आंदोलन तभी आगे बढ़ेगा, जब आम आदमी अपनी रोजी-रोटी छोड़ कर इस आंदोलन में शरीक होंगे, और मुझे लगता है ऐसा होना मुश्किल है।

8:30 बजे। जी न्‍यूज़ से बातचीत में फिल्‍म अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि जब अन्‍ना के पहुंचने के पहले ही उन्‍हें हिरासत में लिया जाना काफी दु:खद है। यह आंदोलन बहुत ज्‍यादा बढ़ेगा। ट्विटर-फेसबुक के इस जमाने में आंदोलन तेजी से बढ़ेगा।

8:28 बजे। शांति भूषण ने कहा कि विल्‍सन चर्चिल की यह सरकार अब चुनाव नहीं जीत सकेगी। यह सरकार किसी भी हालत में भविष्‍य के चुनाव नहीं जीत सकेगी।

8:26 बजे। शांति भूषण ने कहा कि अब यह सरकार अंग्रेज सरकार बन गई है। यह मनमोहन सरकार नहीं बल्कि विल्‍सन चर्चिल सरकार बन गई है। मेरे फ्लैट में सुबह अन्‍ना बैठे थे, तभी पुलिस के अधिकारी मयूर विहार स्थित मेरे घर आये और अन्‍ना को यह कहकर ले गई कि उन्‍हें ऊपर से आदेश हैं।

इसका मतलब साफ है कि केंद्र सरकार की तानाशाही चरम पर पहुंच चुकी है। यह भ्रष्‍टाचार में लिप्‍त सरकार, जो भ्रष्‍टाचार को आगे बढ़ाना चाहती है। यह नेहरू, गांधी की सरकार नहीं यह विल्‍सन चर्चिल की सरकार है।

8:25 बजे। दिल्‍ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के अधिकारी अन्‍ना हजारे को गीता कालोनी की तरफ लेकर जा रहे हैं।

8:20 बजे। पुलिस अन्‍ना को मयूर विहार से लेकर निकल चुकी है, लेकिन कहां ले जा रही है, इस बात को पुलिस ने स्‍पष्‍ट नहीं किया है।

8: 15 बजे। किरण बेदी को पुलिस ने समर्थकों के साथ बिठा कर आईपीओ के पास पार्क भेज दिया है, जहां हिरासत में लिये गये लोगों को भेजा जा रहा है।

8:14 बजे। संसद 11 बजे से शुरू होनी है और इससे पहले ही भाजपा ने वॉकआउट करने का ऐलान कर दिया है।

8:13 बजे। पुलिस हिरासत में जाने के तुरंत बाद अन्‍ना ने देशवासियों से कहा कि आंदोलन को खत्‍म ना करें। देश भर के लोग उठें और भ्रष्‍टाचार के विरोध में इस आंदोलन में शामिल हों।

8:08 बजे। हिरासत में लिये जाने के दौरान अन्‍ना हजारे ने पुलिस से पूछा कि मेरा जुर्म क्‍या है? पुलिस ने कहा कि हमारे पास कोई वॉरेंट नहीं है। हमें ऊपर से आदेश हैं।

8:02 बजे। राजघाट पहुंची किरण बेदी को पुलिस ने हिरासत में लिया।

8:00 बजे। अन्‍ना और अरविंद केजरीवाल को दो अलग-अलग वाहनों में पुलिस लेकर जा रही है। उन्‍हें रोकने के लिए हजारों समर्थक तिरंगा लेकर पुलिस का विरोध कर रहे हैं।

7:58 बजे। टीम अन्‍ना के सदस्‍य प्रशांत भूषण ने कहा कि वो सरकार के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक जायेंगे।

7:55 बजे। एनडीए ने सुबह 10 बजे से एक बैठक बुलाई है, यानी इस मामले पर राजनीति बहुत तेजी से गर्म होती नजर आ रही है। सही मायने में देखें तो दिल्‍ली में तनाव बढ़ता जा रहा है।

7:45 बजे। पुलिस जिस गाड़ी में अन्‍ना को लेकर जा रही है, उसके आगे सैंकड़ों लोगों ने जाम लगा दिया है। तमाम समर्थक सड़क पर लेट गये हैं। कई समर्थक कार के बोनट पर भी बैठ गये हैं।

सुबह 7:25 बजे। मयूर विहार स्थित शांतिभूषण के घर से अन्‍ना को हिरासत में लिया गया। अन्ना हजारे के साथ अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिया है। (पढ़ें खबर विस्‍तार से)

सुबह 6 बजे। सैकड़ो की संख्या में अन्‍ना के समर्थक जेपी पार्क के पास जाने के लिए निकल पड़े। यहां पुलिस ने भारी संख्‍या में पुलिस बल तैनात कर दिया। श्‍यामनाथ पार्क के पास भी भारी पुलिस बल तैनात है।

सुबह 5 बजे। तड़के ही छोटे-छोटे गुटों में अन्‍ना के समर्थक जेपी पार्क पहुंच रहे हैं, लेकिन पुलिस जहां चार से ज्‍यादा की तादाद में देख रही है, उन्‍हें हिरासत में ले ले रही है, क्‍योंकि यहां धारा 144 लागू है। रात भर जितने भी समर्थक जेपी पार्क या राजघाट पहुंच रहे थे, उन्‍हें पकड़ कर हिरासत में ले लिया जा रहा है।