दहेज लोभियों ने फूंकी एक और नवविवाहिता

Uncategorized

पीड़िता ने लोहिया में तड़प तड़प कर दम तोड़ा
फर्रुखाबाद: मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र  के ग्राम कुसज्जापुर में ब्याही नव विवाहिता रजनी को गुरुवार प्रात: बुरी तरह झुलसी अवस्था में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। 70 प्रतिशत जली युवती अस्पताल में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। रजनी की मां ने आरोप लगाया है कि ससुराली जनों ने डेढ़ लाख रुपये नगद दिये जाने की मांग की थी। धन की मांग पूर्ण न किये जाने के कारण उसकी पुत्री को मिटटी का तेल छिड़क कर जला दिया गया।

ग्राम कुसज्जापुर निवासी मुकेश ने गुरुवार प्रात: सात बजे अपनी 25 वर्षीय पत्नी रजनी को 70 प्रतिशत जली स्थिति में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। मुकेश के अनुसार घटना प्रात: साढ़े चार बजे की है। उसने बताया कि चाय बनाते समय लैंप गिरजाने के कारण दुर्घटना हो गयी। लगभग चार घंटे के इलाज के बाद बुरी तरह झुलसी रजनी ने लोहया अस्पताल में तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। रजनी की मृत्यु की पुष्टि होने से पूर्व ही रजनी के ससुराली जन अस्पताल से खिसक लिये। विदित है कि रजनी का मायका भी मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ही अंतर्गत ग्राम नवादा अतनपुर में है। इसके बावजूद अभी तक महिला के परिजन काफी देर से सूचना मिलने के कारण अस्पताल समय से नहीं पहुंच सके।

अस्पताल में मौजूद रजनी की मां उर्मिला पत्नी राजेश ने बताया कि उसकी पु़त्री को दहेज की मांग पूर्ण न किये जाने के कारण ससुरालीजनों ने मिट्टी का तेल छिड़क कर जला डाला। उर्मिला ने बताया कि रजनी के ससुराल वाले डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। विगत 23 मई को ही रजनी का धूमधाम से विवाह किया था। विवाह के समय भी काफी दहेज व नगदी दी थी।