बूथ प्रबंधन से बेहतर चुनाव जीतने का कोई दूसरा उपाय नहीं:अमित शाह

LUCKNOW Politics-BJP UP NEWS

लखनऊ:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि जो बूथ जीता वो चुनाव जीता। शाह ने भाजपा की संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट तौर पर बताया कि बूथ प्रबंधन से बेहतर चुनाव जीतने का कोई दूसरा उपाय नहीं है।अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वह सामाजिक संपर्क को और बढ़ाएं। संपर्क के दौरान नये वोटरों और महिला मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करें। उन्हें मोदी की गारंटी के बारे में विस्तार से जरूर बताएं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों के साथ-साथ भाजपा नेता व कार्यकर्ता 100 प्रतिशत लोगों से संपर्क करेंगे और सुबह सात बजे ही अपना, अपने परिवार के सभी मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित करेंगे।शाह ने एक-एक सीट पर भाजपा की मजबूती और कमजोरियां पर चर्चा की। अमित शाह ने भाजपा नेताओं से कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी सरकारी कर्मचारियों से पहले मतदान करवाना भी सुनिश्चित करें। कई बार सरकारी ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण कर्मचारी अपना वोट नहीं डाल पाते हैं। समय रहते उनका वोट पड़ना जरूरी है। इसी तरह से वृद्ध मतदाताओं का भी घर से पहले ही मतदान कराया जाए। इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी,महामंत्री संगठन धर्मपाल,उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित संबंधित सीटों के प्रभारी बनाए गए मंत्री सुरेश खन्ना, दयाशंकर सिंह सहित संगठन के प्रदेश व जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।