मेला रामनगरिया अग्निकांड में जिंदा जला मासूम, घटना स्थल पर खून और मोर्चरी में मिला शव

FARRUKHABAD NEWS


फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीती रात हुए मेलाराम नगरिया अग्निकांड ने हर किसी को भीतर से हिला कर रख दिया| रात के अँधेरे में झुलसे सात को इलाज मिला लेकिन लापता हुआ बालक आग में जिंदा जलकर मौत नींद सो गया| परिजन उसे घटना के बाद से तलाश कर रहे थे सुबह उसका शव फतेहगढ़ पोस्टमार्टम के शव गृह में रखा मिला| मौके पर पंहुचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया|

दरअसल थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट मेला राम नगरिया में बीती रात लगी आग में तकरीबन चार दर्जन झोपड़ी जली और 7 लोगों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया | वहीं पांचाल घाट निवासी राजेश का 13 वर्षीय पुत्र गोविंद लापता हो गया | लापता हुए गोविन्द के परिजन मौके पर पंहुचे और पड़े खून के धब्बे देखकर परिजन भड़क गये उन्होंने गोविन्द को गायब करनें का आरोप लगाकर
हंगामा किया | परिजनों नें गंगा पुल के ऊपर जाम लगानें का प्रयास भी किया| लेकिन महंत ईश्वर दास महाराज के समझानें पर वह लोहिया अस्पताल के शव गृह में उसे देखने पंहुचे लेकिन वहां भी गोविन्द का शव ना मिलने पर वह फतेहगढ़ पोस्टमार्टम घर के शव गृह में देखने पंहुचे जहाँ परिजनों को गोविन्द का शव मिला| चाचा अज्जू नें शव की शिनाख्त की| मृतक की माँ सोनी, बुआ ऊषा, भाई गोपाल, बहन बैष्णवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया |

पुलिस दबाये रही घटना
अग्निकांड के दौरान ही गोविन्द की जिंदा जलनें के बाद मौत हो गयी थी | कुछ चश्मदिदों की मानें तो उसके शव को रजाई में लपेटकर ले जाया गया| पुलिस की जानकारी में पूरा मामला होनें के बाद भी परिजनों को सही जानकारी नही दी गयी| जिससे परिजन घंटो गुमराह होकर भटकते रहे| जले हुए मलबे में उसके शव को खोजते रहे| घंटो बाद परिजन जब तलाशते हुए शव गृह पंहुचे तब उन्हें जानकारी हुई | थानाध्यक्ष कादरी गेट विनोद कुमार शुक्ला नें बताया कि बालक की मौत हो गयी है | शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जायेगा|