स्कूल-मदरसों में चंद्रयान-तीन को चंद्रमा पर उतरने का सजीव प्रसारण देखेगे बच्‍चे,रोमांचक होंगे पल

LUCKNOW UP NEWS राष्ट्रीय सामाजिक

लखनऊ: देश की आन बान शान को चन्द्रमा पर उतरते हुए देखने का इन्तजार तो पूरा देश कर रहा है साथ ही उत्तर प्रदेश में चंद्रयान 3 मिशन के साथ बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए स्कूलों में लाइव प्रसारण दिखाने का आदेश जारी किया गया है। चंद्रयान-3 का चंद्रमा पर उतरने का सीधा प्रसारण 23 अगस्त 2023 को इसरो की वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और डीडी नेशनल पर दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस मौके पर देश को संबोधित करेंगे।जारी आदेश में लिखा गया कि भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज चंद्रयान-3 मिशन के साथ एक उल्लेखनीय मील के पत्थर तक पहुंच गई है, जो चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है। ये भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम है। 23 अगस्त 2023 को शाम 5:27 बजे चंद्रयान-3 का चंद्रमा पर उतरने की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट और इसरो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और डीडी नेशनल पर किया जाएगा।चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए लैंडर विक्रम पूरी तरह तैयार है। पूरी दुनिया की निगाह इस समय चंद्रयान-3 मिशन (Chandrayaan-3) पर है। अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत आज एक मील के पत्थर को छूने जा रहा है, जिसकी परिकल्पना इसरो के वैज्ञानिकों ने कई सालों पहले किया था। 

पीएम मोदी करेंगे देश को संबोधित:

अपर राज्य परियोजना निदेशक ने कहा कि भारत के चंद्रयान तीन का उतारना एक यादगार अवसर है,जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ा देगा, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण के लिए एक जुनून जगाएगा। ऐसे में हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति का उत्सव मनाएंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन महत्वपूर्ण क्षणों में देश को संबोधित करेंगे। ऐसे में प्रदेश के सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ शाम 5:15 से 6:15 बजे तक विशेष सभा आयोजित कराने का निर्देश दिया है। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के उतरने के सीधे प्रसारण में बच्चों के शामिल होने और प्रसारण दिखाने के लिए विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को व्यवस्था करने के लिए कहा है।शिक्षक संगठनों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी शाम को महिला शिक्षकों की सुरक्षा की व्यवस्था कैसे हो सकेगी।

रूसी महावाणिज्य राजदूत ने कहा- हमें भी रोवर की सफल लैंडिंग का इंतजार है

चंद्रयान-3 मिशन पर दक्षिण भारत में रूसी महावाणिज्य दूत ओलेग निकोलायेविच अवदीव ने कहा- आज चंद्रयान 3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने की उम्मीद है। भारत में हर कोई ऐसा होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। सभी को बहुत उम्मीदें हैं और मैं भी चंद्रमा की सतह पर रोवर की सफल लैंडिंग का इंतजार कर रहा हूं…

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करे। पूरा देश इसका इंतजार कर रहा है। मैं वैज्ञानिकों को प्रणाम करता हूं। पाठक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के लिए उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। ममता ने इसरो के वैज्ञानिकों के प्रयासों की प्रशंसा भी की।