भीषण गर्मी पर आस्था भारी, गंगा दशहरा पर उमड़ी भीड़

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा के पृथ्वी पर आगमन के दिवस (ज्येष्ठ गंगा दशहरा) पर लाखों श्रद्धालुओं ने सुबह के समय मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर छोटे बच्चों का मुंडन कराया और गंगा पूजन भी किया गया। इस दौरान हर-हर गंगे के जयघोष से घाट गूंजते रहे। भीषण गर्मी के बावजूद भी भक्तों की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। गंगा घाटों पर गंगा दशहरा के पावन मौके पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों की संख्या में श्रधालुओं नें गंगा में डुबकी लगायी|
शहर के पांचाल घाट पर गंगा के दोनों तरफ घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु नजर आये| सुबह चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंचकर स्नान प्रारंभ कर दिया था। गंगा घाट पर लगातार गंगा भक्तों की भीड़ पहुंच रही है और मां गंगा के जयघोष के साथ आस्था की डुबकी का दौरा पूरे दिन चलता रहा है। वहीं जिलाधिकारी संजय सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा आदि नें पांचाल घाट पंहुच व्यवस्था का जायजा लिया| शहर कोतवाल विनोद शुक्ला, कादरी गेट थानाध्यक्ष राजेश राय, यातायात प्रभारी रजनेश यादव आदि मुस्तैद रहे|
जगह-जगह भोजन व शरबत का वितरण
शहर के मंदिर और मार्गो पर प्याऊ लगाकर राह चलते लोगों को मीठे जल का वितरण किया। भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया। गंगा के धरती पर अवतरित होने की कथाओं को सुना गया। आचार्य पंडित सर्वेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मां गंगा पृथ्वी पर राजा भगीरथ की कठिन तपस्या से अवतरण हुआ था। अपने पूर्वजों की मुक्ति के लिए तपस्या की थी। गंगा जल से स्नान कर दान करना बहुत शुभ माना जाता है।
श्रद्धालु छोड़ गए गंदगी का अंबार
पतित पावनी मां गंगा को स्वच्छ व प्रदूषण रहित बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर सामाजिक संस्थाएं भी लोगों को जागरूक कर रही हैं, लेकिन इसका असर होता दिखाई नहीं दे रहा। मंगलवार को स्नान करने आए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ गंदगी का अंबार छोड़ गई। जिसका निस्तारण करने के लिए प्रशासन को कड़ी कवायद करनी होगी।
ढाई घाट पर भी उमड़ी लाखों की भीड़
शमसाबाद संवाददाता: ढाई घाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं नें गंगा में आस्था की डुबकी लगा परिवार और समाज व देश कल्याण की कामना की| भारी पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैंनात किया गया| पुलिस चप्पे-चप्पे पर अपनी नजर रखे रही|