जमींदारी उन्मूलन अधिनियम बदला तो बजेगी ईंट से ईंट

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कांग्रेस ने जमींदारी उन्मूलन अधिनियम में परिवर्तन की आहट पाते ही भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की नगर इकाई ने इसे लेकर तहसील में विरोध प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए तहसीलकार्यालय तक गए। यहां पर नगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस के दलितों की जमीन की रक्षा करने वाले जमींदारी उन्मूलन अधिनियम में परिवर्तन कर धन्ना सेठों के खजाने को भरना चाहती है। यह अधिनियम सामाजिक न्याय प्रदान करने के लिए कांग्रेस के शासनकाल में लागू हुआ था। तत्कालीन कांग्रेस पार्टी की सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश जमींदारी उन्मूलन एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम-1950 कानून बनाया था। इसके तहत एक सीमित रकबा (3.125 एकड़) से अधिक कृषि भूमि यदि अनुसूचित जाति,जनजाति वर्ग के लोग विक्रय करना चाहते हैं तो उन्हें जिलाधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अब योगी सरकार द्वारा इस कानून को निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही है। दलितों की भूमि को पूंजीपतियों को देने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान शकुंतला देवी, जानकी शुक्ला, कन्हैया बाथम, दीप कुमार चतुर्वेदी, विनोद कुमार, महेश चंद्र, शोभा कुमारी, रजत गुप्ता व भोला शुक्ला आदि रहे |