कमालगंज के गणेश विसर्जन में सड़क पर उमड़ा सैलाब

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) अगले बरस फिर आने के वादे के साथ लोगों ने शुक्रवार को धूमधाम से गणपति बप्पा को विदाई दी। शहर की मुख्य सड़क पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि सड़क तक नजर नही आ रही थी|
कस्बे में रखी गणेश प्रतिमा पर प्रतिदिन गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। सुबह-शाम होने वाली महा आरती में महिलाओं व पुरुष भक्तों ने हिस्सेदारी की। हवन-पूजन के उपरांत पूजा पंडाल में स्थापित मूर्ति वैदिक मंत्रोचार के बीच विसर्जन के लिए जुलूस संग शुक्रवार को निकली। मूर्ति विसर्जन में युवा भक्त डीजे की धुन पर जमकर थिरके। अबीर गुलाल उड़ाते हुए नगर में भ्रमण के बाद प्रतिमा का विसर्जन पांचाल घाट पर किया गया। सुबह लगभग 9 बजे गणपति की प्रतिमा विसर्जन के लिये निकाला गया| श्रद्धालु भक्ति गीतों पर थिरकते हुए चल रहे थे।’गणपति बप्पा मोरया.’,’अगले बरस तू जल्दी आ.’के गगनभेदी जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।गणेश उत्सव समितियों द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। फूलों से सुशोभित वाहन पर मूर्ति रख नगर महिला -पुरुष ढोल-तासे की ध्वनि पर झूमते व जयकारे लगा नगर भ्रमण कराया गया|