हाय रे गर्मी : तप रही धरती, तड़प रहे लोग

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)  इन दिनों भीषण गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 10 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। आदमी के साथ भीषण गर्मी में जानवर भी बेहाल हैं। जानवर प्यास बुझाने के लिए पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आते हैं। चिलचिलाती गर्मी ने जनजीवन प्रभावित किया है। लोग दिनभर गर्मी में पसीने से तर-बतर होकर झुलसने को मजबूर हैं।
ऐसा प्रतीत हो रहा जैसे आसमान से आग बरस रहा है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि ने लोगों को झुलसा दिया है। गर्मी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। गर्मी इतनी अधिक पड़ रही है कि लोग अपने घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। साथ ही दिन के समय चलने वाली लू ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों का शरीर झुलस रहा है। लोग पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर घरों से निकलने को मजबूर हैं। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही दिन के समय शहर व गावों की सड़क व गलियां सुनसान हो जाती हैं। गलियों में इक्का-दुक्का लोग ही नजर आते हैं। लोग घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। दिन के समय मार्केट में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं भीषण गर्मी व तेज गति से चल रही गर्म हवाओं में सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को आ रही हैं। प्रचंड गर्मी में लोगों का हलक सूख रहा है परंतु शीतल जल नहीं मिल पा रहा है। कहीं भी पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई है। खासकर परेशानी ग्रामीण क्षेत्र से शहर पहुंचने वाले लोगों को हो रही है। घर से पानी लेकर तो पहुंच रहे हैं परंतु उनका बोतल का पानी गर्म हो रहा है। यह पानी पीने योग्य नहीं रह रहा है।
ठंडे पेय पदार्थ के दुकानों पर भीड़
शहर में बढ़ती गर्मी के कारण ठंडे पेय पदार्थ दुकानों पर भीड़ लग रही है। आम जूस से लेकर कोल्डड्रिक की बिक्री बढ़ गई है। लस्सी की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ रही है|