तीसरे चरण के लिए आज थमेगा चुनाव प्रचार,20 फरवरी को होगा मतदान

LUCKNOW Politics UP NEWS विधानसभा चुनाव 2022

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए 18 फरवरी शुक्रवार की शाम छह बजे प्रचार थम जाएगा। इस चरण का मतदान 20 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। इसमें 2.16 करोड़ मतदाता 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।  चुनाव के तीसरे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनसे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल मुकाबला कर रहे हैं। योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना कानपुर की महराजपुर,राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव व नीलिमा कटियार कल्याणपुर से चुनाव मैदान में हैं। शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर से चुनाव लड़ रहे हैं।सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव इस बार भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय कपूर व सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी फिर मैदान में हैं। फर्रुखाबाद सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए विधायक रामवीर उपाध्याय सादाबाद से फिर मैदान में हैं।तीसरे चरण में हाथरस,फिरोजाबाद,एटा,कासगंज,मैनपुरी,फर्रुखाबाद,कन्नौज,इटावा,औरैया,कानपुर देहात, कानपुर नगर,जालौन,झांसी,ललितपुर,हमीरपुर, एवं महोबा में मतदान होना है। चुनाव आयोग निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी मतदान कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। आयोग ने  तीसरे चरण के मतदान वाले जिलों के अफसरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए व चुनाव तैयारियों को परखा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तीसरे चरण का चुनाव प्रचार शुक्रवार की शाम छह बजे थम जाएगा। इसके बाद से जनप्रतिनिधि प्रचार-प्रसार नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि मतदान 20 फरवरी की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है। मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रत्येक पोलिंग बूथ पर समुचित एवं आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।