दिग्गजों की आमद से बढ़ा मैनपुरी का सियासी पारा

LUCKNOW Politics Politics- Sapaa Politics-BJP UP NEWS सामाजिक

मैनपुरी: आज मैनपुरी के हाई प्रोफाइल हाे चुके विधानसभा चुनाव में गुरुवार को स्टार वार होगी। इस युद्ध का केंद्र होगा करहल विधानसभा क्षेत्र। यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर अपने प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल के समर्थन में जनसभा करेंगे। वहीं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कोसमा के पास ही चापरी तिराहा पर जनसभा करेंगे। अखिलेश यादव इसी सीट से प्रत्याशी है। अखिलेश यादव इसके बाद जिले की तीन अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी अलग-अलग सभाएं करेंगे। सपा का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में भाजपा पूरा दम दिखा रही है। गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मैनपुरी में जनसभा को संबोधित किया था।अब गुरुवार को वह करहल क्षेत्र के कोसमा स्थित एशिया पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में जनसभा करेंगे। पार्टी के मुताबिक गृहमंत्री सुबह 11 बजे जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं सपा भी पूरी ताकत झोंक रही है। गुरुवार को करहल-घिरोर रोड स्थित चापरी तिराहा पर अखिलेश यादव जनसभा करेंगे। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सैफई से सड़क मार्ग से यहां 12 बजे बाद पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकाप्टर से अखिलेश यादव आएंगे। यहां जनसभा के बाद मुलायम सिंह सैफई लौट जाएंगे। जबकि अखिलेश यादव मैनपुरी सदर सीट के कुरावली स्थित गंगापुर खेल मैदान,फिर भोगांव के नेशनल डिग्री कालेज और इसके बाद किशनी के आदर्श इंटर कालेज में जनसभा करेंगे।करहल में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमले के बाद पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। गुरुवार को करहल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव व सपा मुखिया अखिलेश यादव की सभाएं हैं। दोनों सभा स्थलों में दूरी अधिक नहीं है। इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।