शिवपाल का राजा भैया को मोर्चे में लाने का प्रयास

Politics Politics- Sapaa

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बसपा तथा कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता को लेकर छोटे दल भी गंभीर हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने छोटे दल को साथ लाने की मुहिम शुरू कर दी है।
लखनऊ में बुधवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, एआइएमआइएम के असदउद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने साथ अपने आवास पर बैठक करने के बाद आज शिवपाल सिंह यादव ने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ उन्नाव में भेंट की। छोटे दलों को एक मोर्चा में लाने की मुहिम में लगे शिवपाल सिंह यादव का प्रयास सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, एआइएमआइएम तथा भीम आर्मी के बाद अब जनसत्ता दल को साथ लाने की है|
जनसेवा संकल्प यात्रा लेकर निकले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ झांसी जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर जा रहे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की उन्नाव में राजा भैया से भेंट हो गई। दोनों नेता अपनी-अपनी गाडिय़ों से बाहर निकले और एक-दूसरे का अभिवादन किया। उन्नाव में मिले शिवपाल अब अपने मोर्चा में राजा भैया को लाना चाहते हैं।