महिला दिवस पर विवाहिता नें फांसी लगाकर दी जान

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) जहाँ एक तरफ पूरे जिले में महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने के लिए विभिन्य कार्यक्रम हो रहे थे, वहीं दूसरी तरफ संदिग्ध हालत में विवाहिता नें फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस नें विवाहिता की सास को दबोच लिया| जबकि पति व ससुर फरार हो गये| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला अबंतीबाई नगर निवासी 23 वर्षीय काजल पुत्री रावेन्द्र गुप्ता का विवाह बीते लगभग ढाई वर्ष पूर्व थाना जहानगंज के कस्बा चौराहा निवासी सुधीर गुप्ता के पुत्र शिवम के साथ हुआ था| शिवम की घर में ही परचून की दुकान है| सोमवार को दोपहर काजल फांसी पर झूलती मिली| उसे निजी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया|
सूचना मिलने पर मृतका की माँ निर्मला आदि परिजन मौके पर आ गये| उन्होंने हत्या कर शव फांसी पर लटकानें का आरोप लगाया| सीओ सोहराब आलम व थानाध्यक्ष दिनेश गौतम भी मौके पर आ गये| पुलिस नें पड़ताल की| मौके से मृतका का पति शिवम व ससुर सुधीर गुप्ता फरार हो गये| जबकि पुलिस नें मृतका की सास नीरज को हिरासत में ले लिया| वहीं दारोगा दलवीर सिंह नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थानाध्यक्ष नें बताया की जाँच की जा रही है| तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|