संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला महिला का शव

FARRUKHABAD NEWS

कायमगंज : कोतवाली क्षेत्र के गांव उलियापुर इजौर में संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे पर 30 वर्षीय महिला लटकी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में छिपे पति व छत के रास्ते भाग रही सास को रोक लिया। पिता ने देवर को मुख्य आरोपित बनाते हुए ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

ग्राम उलियापुर में नीलम राजपूत पत्नी रनसिंह को परिजन बुधवार सुबह सीएचसी लाए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। नीलम के गले पर घाव का निशान होने पर फांसी की संभावना जताई गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। सूचना पर दारोगा श्वेता शर्मा फोर्स के साथ पहुंचीं तो अधिकांश परिजन भाग निकले। सास छत पर व पति एक कमरे में तख्त के नीचे छिपा मिल गया। नीलम के पिता बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के गांव अभियासा निवासी शिवदयाल व अन्य परिजन पहुंच गए। उन्होंने तहरीर में कहा, पुत्री के बच्चों से जानकारी मिली कि देवर संजू ने विवाद के बाद नीलम को पीटा व फांसी लगाकर मार दिया। उत्पीड़न के कारण रन सिंह की पहली पत्नी ग्राम सहसइया की मीना की भी करीब दस वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद रन सिंह की शादी नीलम से हुई थी। तहरीर में पति को छोड़कर ससुराल के अन्य सभी परिजनों को महिला को मारने के षड्यंत्र का आरोपित बताया गया है। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मायके वालों से पुलिस की हुई नोकझोंक भी हुई|

महिला दारोगा मीनेश पचौरी ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजने को कहा। इस पर मायके पक्ष के लोग बिफर गए कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उन्हें कापी मिलेगी, तभी पोस्टमार्टम होने देंगे। पुलिस के समझाने पर मायके पक्ष के कुछ लोगों ने नीलम का शव कायमगंज में बेरिया तिराहे पर रोक कर कहा, पहले कोतवाली चलकर रिपोर्ट दर्ज करें।