कोहरे ने बढ़ाई ठंड, वाहनों की थमी रफ्तार

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद: ठंडक का असर अब कोहरे के रूप में सामने आ रहा है। कोहरे ने जहां ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया वहीं हाइवे पर भी पहिया थमने लगा है। ठंडक का असर आम लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ने लगा है। शाम होते-होते बाजार खाली हो जा रहे हैं। लोग घरों में दुबके हैं। पारा भी लुढ़क गया है।
दिसंबर माह का चौथा सप्ताह ठंडक लेकर आया। 15 दिसंबर को ठंड का आगाज कोहरे से हुआ तो उसके बाद धीरे-धीरे पारा नीचे लुढ़कने लगा।ठंडक ने दिसंबर के चौथे सप्ताह में अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। कोहरे ने हाइवे पर दौड़ने वाले वाहनों व ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। इसके अलावा अन्य कई ट्रेनों के विलंब से आने की सूचना है। रविवार की शाम से ही घना कोहरा छाया रहा। ठंड बढ़ने से लोग अलाव तापते दिखे। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी गति से लाइट जलाते हुए रेंगते रहे।

ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों से ढके दिखे। दोपहर करीब बारह बजे कोहरा थोड़ा कम हुआ तो लगा कि सूर्य के दर्शन होंगे लेकिन कुछ देर बाद कोहरा फिर घना हो गया। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी पेश आई। दिन में भी उन्हें वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। हाईवे समेत पूरे शहर में दिन भर वाहन रेंगते रहे।