नवरात्र के प्रथम दिन शैलपुत्री के दर्शन को उमड़ी भीड़

धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने घरों में कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। मंदिरों में सजी मां की नयनाभिराम झांकी के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
गुरुवार को सुबह से ही शहर के देवी मंदिर जयकारों से गूंज उठे। बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, शहर के मठिया देवी मंदिर व गुरुगांव देवी मंदिर व भोलेपुर के वैष्णो देवी मंदिर में विशेष सजावट की गई। महिलाओं एवं पुरुषों ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री के दर्शन किये। आरती, हवन व पूजन अनुष्ठान किये गए। मंदिरों में दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा| बढ़पुर के शीतला माता मंदिर में जय भोलेबाबा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने अपनी कमेटी के साथ हवनपूजन किया| शाम को वह शोभायात्रा निकलेगे|
कायमगंज में श्रद्धालु प्रात: से ही मंदिर में पहुंचने लगे। चिलौली स्थित गमा देवी मंदिर में पुजारी व श्रद्धालुओं ने माता रानी का भव्य श्रंगार पूजन किया। मंदिर परिसर के आस-पास सड़कों पर फूल, प्रसाद व पूजन सामग्री की दुकानें सज गई। सधवाड़ा स्थित फूलमती मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से ही पुष्प व प्रसाद अर्पित करने का क्रम चलता रहा। शाम को महिलाओं ने ढोलक की थाप पर देवी गीतों का गान किया। ललिता देवी मंदिर, देवी मां के मंदिर में श्रद्धालुओं ने प्रसाद अर्पित कर आरती उतारी।

कंपिल में कोटवाली देवी मंदिर, थाने के दुर्गा मंदिर, दुर्गा मंदिर जिजौटा बुजुर्ग,पहाड़पुर का गमादेवी मंदिर आदि देवी मन्दिरों में भीड़ उमड़ी|