प्रशासन के खिलाफ एक्शन में कुरेशी समाज

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद: योगी सरकार के आदेश पर बंद कराये गये बूचड़खानों को लेकर कुरैसी एक्शन कमेटी ने बैठक आयोजित कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनायी। बैठक में कहा गया कि नगर पालिका के स्लाटर हाउस वैध होने के बाद भी डीएम द्वारा अवैध रूप से बंद किये गये हैं जिन्हें खोला जाये।

कुरैसी एक्शन कमेटी के अध्यक्ष असलम कुरैसी के निवास पर बैठक आयोजित की गयी। जिसमें प्रस्ताव पास किया गया कि सरकार द्वारा अवैध स्लाटर हाउस बंद किये गये हैं। डीएम को कई बार अवगत भी कराया गया कि वैध स्लाटर हाउस को खोला जाये। जिसे एक महीने का समय भी हो गया लेकिन स्लाटर हाउस अभी तक खोले नहीं गये। कुरैसी एक्शन कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ एक्शन लेने का मन बना लिया है। कमेटी की तरफ से 22 अप्रैल को प्रशासन के खिलाफ धरना व प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गयी।

बैठक में कहा गया कि नगर पालिका के दोनो स्लाटर हाउसों में लगभग एक हजार परिवार रोजी रोटी कमाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। सीएम योगी का आदेश है कि अवैध बूचड़खानों को बंद करा दिया जाये। फर्रुखाबाद के दोनो स्लाटर हाउस अवैध नहीं हैं। यह दोनो नगर पालिका के द्वारा संचालित हैं। जहां नगर पालिका के द्वारा शुल्क की वसूली भी की जाती है और उसकी रसीद भी मिलती है।

कमेटी ने मांग की है कि नगर पालिका सही आख्या डीएम को दे जिससे वैध स्लाटर हाउस खुल सकें। इसके साथ ही साथ कुरैसी समाज का अगर कोई व्यक्ति चोरी छिपे भैंसा या बकरा काटता है तो उस पर 10 हजार रुपये जुर्माना भी किया जाये।