नरेश उत्तम सपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa

uttamलखनऊ: समाजवादी पार्टी के विशेष आपातकालीन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद सदस्य नरेश चंद्र उत्तम को समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिलेश यादव ने पिछड़ी जाति के नरेश चंद्र उत्तम को नियुक्ति पत्र जारी किया है।

अखिलेश यादव को आज ही लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित पार्टी के विशेष अधिवेशन में समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने पद प्राप्त करने के बाद से ही काम शुरू कर दिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से बर्खास्त शिवपाल सिंह यादव के स्थान पर अखिलेश ने पार्टी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम को सपा उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।

विधान परिषद सदस्य नरेश चंद्र उत्तम ने हाल ही में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हमीरपुर के कार्यक्रम को सफल बनने में अहम भूमिका अदा की थी। शिवपाल यादव को हटाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नरेश चंद्र उत्तम की तैनाती पहला फैसला है। अखिलेश ने शिवपाल सिंह यादव की जगह नरेश उत्तम को सपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। मूल रूप से फतेहपुर के रहने वाले नरेश उत्तम अखिलेश यादव के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान उपाध्यक्ष थे। वर्तमान में नरेश कानपुर में रहते हैं। नरेश की सपा के प्रदेश संगठन में अच्छी पकड़ मानी जाती है, यही नहीं कुर्मी समुदाय में भी उनकी अच्छी इमेज बताई जाती है।

नरेश उत्तम को समाजवादी पार्टी के कार्यालय में शिवपाल सिंह यादव के कमरे में बैठाया गया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने भारी सुरक्षा के बीच अपना चार्ज लिया। समाजवादी पार्टी के दफ्तर पर अखिलेश समर्थकों ने कब्जा कर उत्तम को शिवपाल सिंह के कमरे में बैठाया। समर्थकों ने शिवपाल सिंह यादव के कमरे से सामान को बाहर फेंकने के साथ ही उनकी नेम प्लेट को भी तोड़ डाली। घोषणा होने के फौरन बाद नरेश सपा के मुख्यालय पहुंचे। नरेश उत्तम ने कहा कि अखिलेश यादव को मजबूत करेंगे। उनके नेतृत्व में दोबारा समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में स्थापित कराएंगे। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि एक बार फिर अखिलेश यादव 2017 में मुख्यमंत्री बनेंगे।