हास्य अभिनेता रजाक खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन

CRIME FARRUKHABAD NEWS राष्ट्रीय

maxresdefault 12मुंबई: प्रसिद्ध हास्य अभिनेता रजाक खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। खान ने ‘हैलो ब्रदर’, ‘बादशाह’ और ‘हंगामा’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाया था। रजाक खान के करीबी मित्र अभिनेता शहजाद खान ने फेसबुक पर उनके निधन की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि दिल का दौरा पड़ने से बड़े भाई रजाक नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

65 साल के इस अभिनेता को मंगलवार रात करीब 12:30 बजे बांद्रा स्थित होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार आज बायकुला में नारियलवाड़ी कब्रिस्तान में किए जाने की संभावना है। फिल्म ‘हेराफेरी’ में रजाक के साथ काम कर चुके फिल्म निर्माता प्रियदर्शन ने रजक की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया।

अभिनेता ऋषि कपूर ने ट्विटर पर लिखा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। रजाक खान मेरी कई फिल्मों में थे। सभी संबंधित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।प्रियदर्शन ने बताया कि मुझे अभी पता चला। यह बहुत दुखद है। उन्होंने मेरी कई फिल्मों में काम किया है और वह एक महान अभिनेता थे। सलमान खान अभिनीत ‘हैलो ब्रदर’ में रजाक ने निन्जा चाचा का किरदार निभाया था जो उनके सबसे यादगार किरदारों में से एक है। उन्होंने शाहरुख खान के साथ ‘बादशाह’ और आमिर खान के साथ ‘राजा हिन्दुस्तानी’ में भी काम किया था।

उनकी दूसरी यादगार भूमिकाओं में ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘हर दिल जो प्यार करेगा’, ‘जोरू का गुलाम’, ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ और ‘भागमभाग’ के उनके किरदार शामिल हैं। वह आखिरी बार इस साल आई ‘क्या कूल हैं हम 3’ में नजर आए थे। अभिनेता ऋषि कपूर ने ट्विटर पर लिखा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। रजाक खान मेरी कई फिल्मों में थे। सभी संबंधित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। फिल्मकार अनुराग कश्यप ने बुधवार को ट्वीट किया कि कल विकास मोहन (फिल्म निर्माता) गुजर गए और आज रजाक खान ने दुनिया को अलविदा कह दिया। अच्छे लोग हमसे दूर हो रहे हैं। इस समय में उनके परिवारों के लिए मजबूती की कामना करता हूं।

अभिनेता अरशद वारसी ने कहा कि हास्य कलाकार रजाक खान का भी निधन हो गया। उनकी आत्मा को शांति मिले। फिल्मकार हंसल मेहता ने लिखा कि रजाक खान के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। इरफान खान की फिल्म ‘दुबई रिटर्न’ में उनका सबसे अच्छा अभिनय है, बदकिस्मती से फिल्म डिब्बे में बंद है। प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजपाल यादव ने कहा कि अभिनेता की कमी खलेगी। बाल कलाकार के रूप में ‘राजा हिन्दुस्तानी’ में रजाक के साथ काम करने वाले कुणाल खेमू ने कहा कि यह सुनकर हैरान और दुखी हूं। वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे और हर किसी को हंसाते थे। आपकी कमी खलेगी, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे रजाक खान। प्रसिद्ध हास्य कलाकार कपिल शर्मा ने ट्वीट किया कि वह बहुत ही अच्छे इंसान और प्रतिभाशाली अभिनेता थे। आपकी आत्मा को शांति मिले रजाक भाई।