नगर मजिस्ट्रेट ने नहीं पहनी हड़ताली कर्मचारियों की टोपी

Uncategorized

FARRUKHABAD : फर्रुखाबाद जनपद में टोपी पहनाने का रिवाज पुराना है। कभी मुन्नू बाबू ने विजय सिंह को टोपी पहनाने का प्रयास किया तो उन्होंने नहीं पहनी थी। उसके बाद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता वसीमुज्जमा खां ने विजय सिंह को टोपी पहना दी। वक्त और समय बदला तो विधायक विजय सिंह ने रोजा इफ्तार कार्यक्रम में सपा प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव को टोपी पहना दी। वहीं आज पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर चल रहे राज्य कर्मचारियों के नेताओं ने अपनी हड़ताल में अधिकारियों को शामिल करने के लिए नगर मजिस्ट्रेट को टोपी की पेशकश कर दी। मगर नगर मजिस्ट्रेट प्रभुनाथ सिंह ने यह कहकर टोपी वापस कर दी यह हड़ताल राज्य कर्मचारियों की है, अफसर कैसे पहन लें कर्मचारियों की टोपी।CM PRABHU NATH SINGH

[bannergarden id=”8″][bannergarden id=”11″]

वाकया फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर का है। राज्य कर्मचारियों की बीते दिनों से चल रही देश व्यापी हड़ताल को और तेज धार देने के लिए कर्मचारियों ने पहले फर्रुखाबाद तहसील पहुंचकर तहसील बंद करायी। उसके बाद बाइक जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गये। जहां पर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार व नगर मजिस्ट्रेट प्रभुनाथ से जाकर मिले।

राज्यकर्मचारियों ने सामने पहुंचते ही डीएम व सीएम को टोपी सौंप दी। सफेद रंग की टोपी पर उत्तर प्रदेश कर्मचारी संघ व अधिकार मंच लिखा था। तो नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस पर तो कर्मचारी संघ लिखा है, लेकिन वह तो अधिकारी हैं, वह इस टोपी को नहीं पहन सकते। अधिकारियों ने टोपी तो नहीं पहनी लेकिन टोपी को अपने पास ही रख लिया।DM PAWAN KUMAR

वहीं राज्य कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से कहा कि कर्मचारियों की देश व्यापी हड़ताल है, आपको भी साहब सहयोग करना चाहिए। यह सुन जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें आशा है कि उनकी मांगें पूरी हों, लेकिन इससे पहले वह अपना अपना काम जारी रखें। कर्मचारियों ने कहा कि हम सभी लोग अपनी हड़ताल मांग पूरी होने तक जारी रखेंगे। जिसके लिए आप आशीर्वाद दीजिए। डीएम ने कहा कि हमारा आशीर्वाद तो साथ है लेकिन मेरा कहना है कि सभी लोग अपने कार्य पर बने रहें और कार्यालयों में जाकर कार्य करें।

लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि देश व्यापी हड़ताल है इसलिए वह कार्य नहीं करेंगे। जब तक सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं हड़ताल इसी तरह जारी रहेगी।