किसानों को यूरिया के साथ जबरन दी जा रही घटिया जैविक खाद

Uncategorized

फर्रुखाबाद : भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री अशोक कटियार के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधि मण्डल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर उप जिला मजिस्ट्रेट राम अभिलाष पटेल को सौंपा। जिसमें यूरिया व अन्य खादों के साथ जबर्दस्ती जैविक खाद देने का विरोध किया गया।किसान नेताओ ने जैविक खाद का सेम्पुल भरकर उसकी जांच कराये जाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा कि जनपद के धान खरीद केन्द्रों पर अव्यवस्था फैली हुई, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। किसान नेता अशोक कटियार ने कहा कि यूरिया के साथ जैविक खाद लेने के लिए सहकारी समितियों व इफको सेन्टर पर विवश किया जा रहा है। जैविक खाद की विक्री कर सहकारी संस्थाओ द्वारा भारी मुनाफा कमाया जा रहा है। सहकारी समितियां किसानों के कल्याण के लिए बनीं थीं। लेकिन कर्मचारी व अधिकारी अपने स्वार्थ की पूर्ति में किसानों का शोषण कर रहे हैं।

श्री कटियार ने कहा कि जैविक खाद की गुणवत्ता अत्यन्त खराब है। कृषि विभाग द्वारा निजी दुकानों पर तो खादों के सेम्पुल लिए जाते हैं लेकिन सहकारी समितियों पर खादों के सेम्पुल नहीं लिए जाते है। उन्होंने खादों के सेम्पुल लेकर गुणवत्ता परीक्षण के उपरांत ही जैविक खाद वितरण किसानों की मांग के अनुसार कराने की मांग की। धान खरीद केन्द्रों से किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। किसान सस्ते में आढ़तियों को धान बेचने को विवश हैं। धान केन्द्रों पर दलालों का धान खरीद कर गोलमाल किया जा रहा है। खरीद केन्द्रों की हालत सुधारे जाने की आवश्यकता है। इस दौरान उनके साथ संजीव कुमार, रामलड़ैते राजपूत, अरविंद राजपूत आदि मौजूद रहे।