घर से मासूम गायब, अपहरण के आरोप में तीन साधु हिरासत में

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के बेबर रोड स्थित ग्राम गढ़िया ढिलावल में प्रकाश पाल का पांच वर्षीय पुत्र रमन बीती शाम तकरीबन 6 बजे घर के बाहर से गायब हो गया। ग्रामीणों ने अपहरण के आरोप में तीन साधुओं को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। भीड़ ने साधुओं की कार पर भी पथराव किया है।

सोमवार शाम तकरीबन 6 बजे प्रकाश पाल की पत्नी सुदामा घर के बाहर भैंस का दूध निकाल रही थी। उसी समय रमन घर के बाहर खड़ा था। कुछ समय बाद तीन साधु उसके दरबाजे आये और भिक्षा लेकर गांव में घूमते हुए वापस लौट गये। कुछ समय बाद रमन के गायब होने की जानकारी प्रकाश को हुई तो छानवीन शुरू की गयी। काफी तलाश करने के बाद रमन नहीं मिला। जिस पर प्रकाश ने साधुओं पर शक जताया और उनकी खोजवीन शुरू की गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन साधु नहीं मिले। पूरी रात गुजर जाने के बाद प्रातः तकरीबन 10 बजे साधुओं को गाड़ी से आता देख ग्रामीणों ने पहचान लिया और उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन साधु ने गाड़ी नहीं रोकी तो गुस्सायी भीड़ ने गाड़ी पर पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी का अगला शीशा फूट गया। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से देवरामपुर क्रासिंग के पास गाड़ी सहित चार को दबोच लिया। कुछ ग्रामीणों ने साधुओं से हाथापाई भी कर दी। जिसमें मारुति का चालक महेन्द्र कुमार चुटहिल भी हो गया।

पुलिस ने साधु मुन्नालाल गिरी, सिपाहीराम गिरी, सटी गिरी निवासी भरतवाल नगरिया चौराहा मारुति मंदिर मैनपुरी के अलावा गाड़ी का चालक महेन्द्र कुमार कश्यप को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और थाने ले आयी। थाने पहुंचे साधु सटी गिरी ने बताया कि उसने दो माह पूर्व मारुति गाड़ी संख्या यूपी 80 यू 0712 को दो माह पूर्व ही 40 हजार रुपये में खरीदा है। जिस पर चालक महेन्द्र कुमार 100 रुपये प्रति दिन की नौकरी पर रखा है। वह मैनपुरी से भ्रमण करने फर्रुखाबाद आये थे। जहां सोमवार की शाम पुनः वापस मैनपुरी लौट गये थे। प्रातः मैनपुरी से दोबारा फर्रुखाबाद के लिए आ रहे थे। तभी ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

इस सम्बंध में थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि बच्चे के गायब होने का मामला अभी स्पष्ट नहीं हो पाया। साधुओं से पूछताछ की जा रही है। दोषी पाये जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होगी। फिलहाल गायब बच्चे के पिता प्रकाश की तहरीर पर बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कर ली है।