मुसीबतों की दीवाली: दिनदहाड़े विधवा के साथ लूट

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बेलगाम हो चुके जनपद के अपराधियों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। जिसका परिणाम आये दिन लूट, चोरी और हत्याओं का ग्राफ बढ़ने से साफ नजर आ रहा है। वहीं आम जनता भरोसा करे तो किस पर एक पुलिस विभाग ही है जिसे जनता की रक्षा के लिए नियुक्त किया गया है। लेकिन वह अपने कर्तव्यों से किनारा काट रही है। जिसके परिणाम स्वरूप अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वह अपनी घटना को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। लगभग एक वर्ष पूर्व जिस विधवा महिला के घर चोरों ने हमला बोलकर लाखों रुपये का नगदी जेबर उड़ा दिया था, एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जहां पुलिस महिला के घर हुई चोरी का खुलासा नहीं कर पायी और सोमवार को दिनदहाड़े उसी महिला के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की बारदात को अंजाम दे दिया और फरार हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास निवासी कुसमादेवी पत्नी स्व0 वीरेन्द्रपाल चौहान के साथ हुई। जब वह फतेहगढ़ से वापस अपने घर जा रही थी तभी बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर महिला की दो तोले सोने की चैन लूट ली और बेखौफ होकर फरार हो गये। महिला कुसमादेवी ने बताया कि वह फतेहगढ़ डाकखाने में किसी काम से गयी थी। वापस टैक्सी द्वारा आवास विकास तक आयी और फिर पैदल अपने घर की तरफ चल दी। पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार के आवास के बाहर जैसे ही महिला पहुंची, पीछे से आये काले रंग की पल्सर बाइक सवारों ने महिला के गले में झपट्टा मारकर चैन उड़ा दी। जब तक महिला कुछ समझ पाती तब तक बाइकर्स लोहिया अस्पताल की तरफ फरार हो गये। महिला केे चीखने चिल्लाने पर मौके पर भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर आवास विकास चौकी इंचार्ज इन्द्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे।

10 माह पूर्व इसी महिला के घर हुई थी लाखों की चोरी
दुखों का पहाड़ पहले से ही कुसमादेवी के पीछे लगा था। एक तो पति की मौत, ऊपर से चोरों ने घर पर धाबा बोलकर उसके लाखों रुपये चोरी कर लिये। 4 दिसम्बर 2011 की रात महिला कुसमादेवी अपने देवर रामऔतार की पुत्री पूजा की शादी में शामिल होने अपने गांव गयी थी। वापस आने पर उसे चोरी की जानकारी हुई। महिला ने बताया था चोरों ने उसके घर से तकरीबन पांच लाख से अधिक के जेबर व नगदी चोरी कर लिये। इस बावत पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया था लेकिन खुलासा आज तक नहीं हुआ।

किसी की साजिश की आशंका
महिला कुसमादेवी ने पुलिस को बताया कि पहले चोरी उसके बाद यह लूट की बारदात होना किसी व्यक्ति की खुन्नस जाहिर करता है। उसने बताया कि कोई व्यक्ति है जो जानबूझकर यह सब करा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। खबर लिखे जाने तक मामले को पंजीकृत नहीं किया गया।