फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सदर विधायक एवं विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति के सभापति मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर पत्र सौंपा है। विधायक ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए अधिग्रहीत भूमि में ग्राम सभा की भूमि के अलावा किसानों की काश्तकारी भूमि भी शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा काश्तकारी भूमि का प्रभावी सर्किल रेट के चार गुना पर बैनामा कराए जाने की प्रक्रिया अपनाई गई, जबकि किसान लगातार
सर्किल रेट पुनरीक्षित किए जाने की मांग कर रहे थे। पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जिला प्रशासन ने सर्किल रेट का पुनरीक्षण किया और नवीन सर्किल रेट 9 मई 2026 से प्रभावी किया गया। इसके बाद बढ़े हुए सर्किल रेट पर किसानों की काश्तकारी भूमि की खरीद की गई।विधायक ने बताया कि तहसील अमृतपुर में 316 किसानों की 23.5084 हेक्टेयर तथा तहसील सदर में 540 किसानों की 43.4948
हेक्टेयर, कुल 856 किसानों की 67.0032 हेक्टेयर भूमि का बैनामा हुआ। आरोप है कि पुराने सर्किल रेट पर हुए बैनामों के कारण संबंधित किसानों को कम धनराशि प्राप्त हुई है। मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि 9 मई 2026 से बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार पुराने सर्किल रेट पर किए गए बैनामों की अंतर धनराशि किसानों को दिलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। सीएम योगी ने विधायक मेजर सुनील दत्त की मांग पर कार्यवाही का भरोसा दिया है |
सीएम योगी से मिले सदर विधायक, लिंक एक्सप्रेस-वे के किसानों के मुआवजे का मुद्दा उठाया
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



