[adrotate group="2"]
[adrotate group="2"]
Home FARRUKHABAD NEWS सीएम योगी ने मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर की भेट

सीएम योगी ने मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर की भेट

0
118

लखनऊ: गोरखपुर से लखनऊ आने के बाद दोपहर में तीन विभागों की समीक्षा बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर भेंट की। मुलायम सिंह यादव को कल रात में शुगर लेवल बढऩे के कारण डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य में सुधार के बाद आज सुबह ही उनको उनके आवास भेज दिया गया। उनके आवास पर भी दिन में डॉक्टर्स ने परीक्षण किया। इसी बीच शाम को उनके स्वास्थ्य का हाल जानने सीएम योगी आदित्यनाथ उनके आवास विक्रमादित्य मार्ग पर पहुंचे। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सीएम योगी ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की और काफी समय उनके साथ बिताया। इससे पहले भी जब मुलायम की तबीयत खराब हुई थी तो केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह हालचाल लेने उनके आवास पर पहुंचे थे| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मुलायम सिंह यादव से भेंट करने पहुंचे तो उस समय उनके साथ आवास पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी थे।
योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव का हाल ले रहे थे, उसी समय प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी वहां पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव तथा मुलायम सिंह यादव ने वार्ता भी की और जलपान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव को गुलाब का फूल तथा एक पुस्तक भी भेंट की। कल रात में पूर्व सीएम मुलायम सिंह की तबियत खराब हो गई थी। उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया।
यहां जांच में उनका ब्लड शुगर हाई पाया गया। निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह का मुंह सूख रहा था। कल दोपहर उन्हें दिक्कत महसूस हुई। ऐसे में डॉक्टर ने भर्ती की सलाह दी। साढ़े चार बजे के करीब उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। यहां जांच में ब्लड शुगर हाई मिली। ऐसे में प्राइवेट रूम में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। दवा चलने के बाद हालत में सुधार है। पूर्व मुख्यमंत्री की सेवा के लिए अस्पताल में पत्नी साधना व बहू डिंपल शाम को मौजूद रहीं। इस दौरान पूर्व मंत्री अहमद हसन भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]