सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर डबरी में तैयारियां तेज, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

0
64

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) डबरी गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 3 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम होने के बाद प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभा स्थल पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की देखरेख में युद्धस्तर पर काम शुरू हो गया है। मैदान को समतल करने के साथ ही हेलीपैड तैयार करने का कार्य भी कराया जा रहा है।प्रांतीय लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं जोनल अधिकारी मुरलीधर तथा अधिशासी अभियंता अशोक कुमार के निर्देशन में 10 ट्रैक्टर, चार जेसीबी, प्रेशर रोलर और 50 से अधिक मजदूर सभा स्थल पर काम में जुटे हैं। बरसात को देखते हुए हेलीपैड स्थल पर मिट्टी डाली जा रही है, ताकि बारिश होने की स्थिति में जलभराव न हो और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को उतारने में किसी प्रकार की समस्या न आए।नोडल अधिकारी मुरलीधर ने बताया कि सभा स्थल पर वाटरप्रूफ कमल टेंट बस्ती से मंगाया गया है। कार्यक्रम में वीवीआईपी प्रवेश मुख्य मार्ग से होगा, जबकि आम जनता डबरी संपर्क मार्ग से सभा स्थल में प्रवेश करेगी। इसके लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।वहीं, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू ने वाहनों की पार्किंग के लिए कई स्थानों का निरीक्षण किया। राजेपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए शिव कुमार सिंह के करीब 40 बीघा खेत को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके अलावा हरदोई, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। सभा स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]