साइबर ठगों ने ग्रामीण को गिरफ्तारी का भय दिखाकर ठगे 10 हजार

0
25

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) साइबर अपराध के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ग्रामीण साइबर ठगों के जाल में फंस रहे हैं। अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अलादपुर भटौली निवासी प्रमोद कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने गिरफ्तारी और मुकदमे का भय दिखाकर उनकी पत्नी के खाते से 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।प्रमोद कुमार ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दिन में करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उनके खाते में चार लाख रुपये आए हैं और वह दो नंबर का काम करते हैं। इसके चलते उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी।आरोप है कि फोन करने वाले ने गिरफ्तारी से बचने के लिए तत्काल बताए गए बैंक खाते में रुपये भेजने को कहा। धमकी से घबराए प्रमोद कुमार ने अपनी पत्नी कीर्ति के खाते से दो बार में पांच-पांच हजार रुपये, यानी कुल 10 हजार रुपये, बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बताया गया कि खाता मोहम्मद अकबर के नाम से संचालित है।रुपये भेजने के बाद भी ठगों ने दोबारा फोन कर और अधिक रकम की मांग की। इसके बाद परिचितों ने पीड़ित को धैर्य रखने और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम नंबर 1930 पर दर्ज कराई है।गौरतलब है कि अमृतपुर थाना पुलिस द्वारा समय-समय पर साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को ठगी से बचने के उपाय बताए जाते हैं। इसके बावजूद ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। अब देखना है कि शिकायत के बाद पुलिस साइबर ठगी में प्रयुक्त खाते के संचालक और अन्य आरोपियों तक कब पहुंचती है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]