फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय आवास विकास में संगोष्ठी आयोजित कर उनके योगदान को याद किया गया। वहीं सरदार पटेल युवा मंच युवा मोर्चा ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा की संगोष्ठी में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। मुख्य वक्ता सत्यपाल सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार और जिला उपाध्यक्ष
जितेंद्र सिंह ने भी उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। इसके बाद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चांदपुर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उधर, सरदार पटेल युवा मंच के अध्यक्ष शनि कटियार के नेतृत्व में युवाओं ने डीएन कॉलेज, बद्री विशाल डिग्री कॉलेज और सरदार पटेल पार्क में कार्यक्रम आयोजित किए। प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पवर्षा, केक काटकर और मिठाई बांटकर जयंती मनाई गई। शनि कटियार ने कहा कि मंच समाज को एकजुट करने और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के लिए कार्य करेगा। इस दौरान मंच ने फर्रुखाबाद में फतेहगढ़ या लाल दरवाजे पर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का भी निर्णय लिया। कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारी, युवा मंच के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा व युवा मंच ने आयोजित किये कार्यक्रम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



