फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी, पुतला दहन और सड़क पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी से जुड़े पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में प्रदर्शन की वीडियो व फोटोग्राफी को साक्ष्य बनाया है। पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक मूलेन्द्र सिंह हमराह कांस्टेबल अमरदीप के साथ कर्नलगंज चौकी क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर करीब 12:15 बजे सूचना मिली कि सपा कार्यकर्ता भोलेपुर ओवरब्रिज के नीचे से अम्बेडकर तिराहे की ओर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आ रहे हैं। पुलिस अम्बेडकर तिराहे पर पहुंची तो वहां आयुष यादव निवासी कुटरा, अनुराग यादव निवासी नवाबगंज, अरविन्द यादव निवासी नवाबगंज, संजू यादव निवासी मेडिकल कॉलेज बघार और रवि यादव निवासी मोहम्मदाबाद समेत कुछ अन्य लोग प्रदर्शन करते मिले। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी और अभद्र टिप्पणी की। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारी मुख्य मार्ग पर एकत्र हो गए, जिससे यातायात बाधित होकर जाम लग गया। इससे आम लोगों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, व्यापारियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के सांकेतिक पुतले में सड़क पर आग लगा दी। पुतला दहन से मौके पर धुआं और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस के मुताबिक आग और ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल से वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ तथा लोक शांति भंग होने की स्थिति बन गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर पुतले में लगी आग बुझाई और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। उपनिरीक्षक मूलेन्द्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने पांच नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना की वीडियो और फोटो भी जांच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल फतेहगढ़ विजय सिंह ने जेएनआई को बताया कि पुतला फूँकने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है, जाँच कि जा रही है |
सपा प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने व जाम लगाने पर पांच नामजद समेत अन्य पर मुकदमा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



