संकिसा रोड चौड़ीकरण के विरोध में बाजार बंद, पीडब्ल्यूडी के नोटिस परबिफरे दुकानदार

0
219

[adrotate banner="3"]

फर्रुखाबाद:(मोहम्मददाबाद संवाददाता) पीडब्ल्यूडी के सड़क चौड़ीकरण के नोटिस के विरोध में संकिसा रोड पर बाजार पूरी तरह बंद रहा। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी को पुराने मानकों के अनुसार ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराना चाहिए। उनका आरोप है कि पहले सड़क से करीब 10 मीटर की दूरी पर नाली का निर्माण कराया गया था, इसलिए सड़क का विस्तार उसी मानक के आधार पर किया जाए।दुकानदारों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी ने सड़क के बीच से दोनों ओर 14-14 मीटर तक जगह खाली करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए मात्र तीन दिनों की समय अवधि दी गई है और चेतावनी दी गई है कि यदि दुकानें व जगह खाली नहीं की गईं तो नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं दुकानदारों की होगी। इस विरोध प्रदर्शन के तहत, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष बृजेश दुबे और भारतीय किसान भानु गुट के ब्लॉक प्रभारी क्षेत्रपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में लगभग 50 दुकानदार बस से फर्रुखाबाद स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। दुकानदारों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

[adrotate banner="2"]