शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, हजारों का नुकसान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र के घुमना तिराहे के पास रविवार देर रात एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया और हजारों रुपये का नुकसान हो गया।
जानकारी के अनुसार, सानू समसी पुत्र अब्दुल रहमान निवासी ढाईया मऊदरवाजा की घुमना तिराहे पर कलाम पाक की दुकान है। रविवार व सोमवार की देर रात करीब 12:30 बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान धू-धू कर जलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल दर्शन सिंह व घुमना चौकी इंचार्ज अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदार के अनुसार, आग से उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।