शिव के रंग में रंगी अपरा काशी, जयकारों से गूंजे शिवालय

0
326

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। महाशिवरात्रि के दिन देवाधिदेव महादेव ने गृहस्थ जीवन को अपनाया। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधिपूर्वक पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। लिहाजा महाशिवरात्रि पर शिवालयों में दर्शन को लम्बी लाइन नजर आयी|
महादेव की उपासना व साधना का पर्व महाशिवरात्रि आज मनाया गया | दिनभर श्रद्धालु जलाभिषेक करते रहे हैं। जिले भर के शिवालयों के बाहर अहले सुबह से ही लंबी लाइनें लगीं हैं। शिवालय भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठे। दीयों की रोशनी, फूलों व रंग-विरंगी लाइटों से सजे मंदिरों में शिव के भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते रहे।  जहां लाइन में लगकर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर खुशहाली की कामना की। मंदिरों में अधिक भीड़ को देखते हुए जगह जगह सेवादार व्यवस्था मनाने में तैनात रहे। पांडेश्वरनाथ मंदिर में सर्वाधिक भीड़ नजर आयी| श्रद्धालु घंटो लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये| भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। दोपहर के समय भी हजारों श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करने के लिए कतार में खड़े नजर आए। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। ब्रह्म मुहूर्त में मंदिरों में विशेष शिव आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शिवरात्रि व्रत रखने वाले भक्तों ने दिनभर उपवास रखा और रात्रि जागरण कर शिव महिमा का गुणगान किया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]