लखनऊ में शिफ्ट होगा इलाहाबाद का पुलिस मुख्यालय

0
155

लखनऊ : इलाहाबाद का पुलिस मुख्यालय अब लखनऊ में शिफ्ट होगा। पुलिस विभाग ने इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण से 63 करोड़ रुपये में दस एकड़ जमीन खरीदी है। यह मुख्यालय दस मंजिला बनेगा और ईओडब्लू, प्रशिक्षण मुख्यालय, जीआरपी, तकनीकी सेवाएं और कोआपरेटिव सेल की एसआइबी समेत पुलिस की कई शाखाएं यहीं से संचालित होंगी। डीजीपी भी इसी भवन में बैठेंगे।
63 करोड़ में महकमे ने खरीदी दस एकड़ जमीन
गोमतीनगर विस्तार में दस मंजिला बनेगा पीएचक्यू

बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था राजकुमार विश्वकर्मा ने पत्रकारों को बताया कि गोमतीनगर विस्तार सेक्टर सात में अमर शहीद पथ पर अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के सामने दस एकड़ जमीन खरीदी गयी है। अब यहां पुलिस मुख्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। डीजीपी मुख्यालय को लेकर बहुत दिनों से यह प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें बुधवार को जमीन की रजिस्ट्री के रूप में पहली उपलब्धि हासिल हुई है। इलाहाबाद में पुलिस मुख्यालय होने और डीजीपी के लखनऊ बैठने से कई बार विभागीय कार्यो में अड़चनें भी होती थी। अब यहां मुख्यालय होने से बेहतर संचलन होगा।

[adrotate banner="3"]

150 वर्ष से इलाहाबाद में है पुलिस मुख्यालय :

उत्तर प्रदेश पुलिस का मुख्यालय 150 वर्षो से इलाहाबाद में स्थित है। 1861 में पुलिस अधिनियम के अस्तित्व में आने के बाद 1863 में इलाहाबाद में पुलिस मुख्यालय स्थापित हुआ। 1870 में पुलिस मुख्यालय के भवन का निर्माण हुआ। 1937 में प्रदेश के पुलिस मुखिया का कार्यालय लखनऊ के लिए स्थानांतरित कर दिया गया। तब पुलिस महानिरीक्षक प्रदेश पुलिस के मुखिया होते थे। बाद में पुलिस मुख्यालय में आइजी और फिर एडीजी स्तर के अधिकारी बैठने लगे। राजधानी में पुलिस मुख्यालय की स्थापना से एक नये अध्याय की शुरुआत होगी।

[adrotate banner="2"]