राम बारात के जाम में फंसी गर्भवती ले जा रही एम्बुलेंस, नवजात की मौत

0
14

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में मंगलवार को निकली राम बारात के दौरान लगे जाम में एक गर्भवती महिला के फंसने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण महिला ने रास्ते में बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ निवासी अभिषेक की 24 वर्षीय पत्नी गौरी को फतेहगढ़ के एक अस्पताल से चौक स्थित नेहा नर्सिंग होम रेफर किया गया था। परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस चौक बाजार तक पहुंच गई, लेकिन जाम के कारण चंद कदम दूर नर्सिंग होम तक नहीं जा सकी। बाद में महिला को गली के रास्ते अस्पताल पहुंचाया गया। नर्सिंग होम संचालक विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि महिला की हालत गंभीर थी और उसके शरीर में खून की काफी कमी थी। नवजात की मौत हो चुकी है, जबकि महिला का उपचार जारी है। पहले से निर्धारित था राम बारात का मार्ग शहर में वर्षों से इसी मार्ग से राम बारात निकाली जाती है। मार्ग पर कई नर्सिंग होम होने के कारण आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखना जरूरी है। घटना के बाद कोतवाली और यातायात पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, नवजात की मौत का जाम से सीधा संबंध होने की चिकित्सकीय पुष्टि सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]