फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री रामलीला मंडल की ओर से मंगलवार शाम लोहाई रोड स्थित भारतीय पाठशाला से भव्य राम बारात निकाली गई। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे मार्ग पर तीन दर्जन से अधिक धार्मिक झांकियां निकलीं। भगवान श्रीराम के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। हालांकि, धार्मिक उत्साह के बीच डीजे की तेज आवाज, मारपीट और महिलाओं
के बीच विवाद की घटनाएं भी चर्चा में रहीं।राम बारात में सबसे आगे नासिक ढोल और लिल्ली घोड़ी चल रही थी। इसके पीछे भगवान श्रीगणेश, भगवान शिव-पार्वती, भगवान परशुराम, माता काली, अखाड़ा, श्रीहनुमान जी महाराज, श्रीखाटू श्याम जी, सूर्य देव, चंद्र देव, मां दुर्गा, कामधेनु, मां शीतला, भगवान जगन्नाथ, विश्वमोहिनी, कन्याकुमारी और भगवान विष्णु सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके अलावा नारद मोह, रति-कामदेव, कैला माता, वीरभद्र, विश्वामित्र, वशिष्ठ, राजा दशरथ और भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा।झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी बारात देखने पहुंचे। युवाओं में डीजे की धुन पर नृत्य करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बैंड-बाजों और धार्मिक संगीत के बीच बारात आगे बढ़ती रही। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया शहरराम बारात के स्वागत के लिए मार्ग पर रंग-बिरंगी लाइटों की सजावट की गई थी। रोशनी से जगमगाते रास्तों पर झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बारात लोहाई रोड स्थित भारतीय पाठशाला से शुरू होकर लोहाई रोड, चौक, नेहरू रोड, घुमना बाजार और नीतिगंज होते हुए स्टेट बैंक गली से दोबारा चौक पहुंची। इसके बाद पक्का पुल और गुदड़ी मोहल्ला होते हुए नाला मच्छरट्टा क्षेत्र से गुजरकर भारतीय पाठशाला में समापन होना था।सेल्फी और रास्ते में खड़े होने को लेकर विवादराम बारात के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद की घटनाएं भी सामने आईं। सेल्फी लेने और रास्ते में खड़े होने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई। लोहाई रोड क्षेत्र में विवाद बढ़ने पर थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के कुछ लोगों और लोहाई रोड के लोगों के बीच टकराव की चर्चा रही। आरोप है कि कुछ लोगों को गली के अंदर ले जाकर मारपीट की गई। हालांकि, इस मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।वहीं, राम बारात के दौरान चेयरमैन बटाला अग्रवाल के घर के सामने बारात देखने के लिए खड़े होने को लेकर महिलाओं के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद गाली-गलौज और हाथापाई होने लगी। महिलाओं के समर्थन में कुछ पुरुष भी मौके पर पहुंच गए। इससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में मामला शांत हो गया।डीजे की तेज आवाज से बच्चे और बुजुर्ग परेशानराम बारात में युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। हालांकि, तेज आवाज से कुछ बच्चे और बुजुर्ग परेशान भी नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना था कि धार्मिक आयोजन में झांकियों और भक्ति संगीत ने आकर्षण बढ़ाया, लेकिन डीजे की तेज आवाज से कुछ लोगों को घबराहट महसूस हुई। लोगों ने धार्मिक आयोजनों में ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की मांग की, ताकि उत्सव के दौरान किसी को परेशानी न हो।बारात के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौजूद रही। हालांकि, विवाद की घटनाओं के दौरान पुलिस की सक्रियता को लेकर भी कुछ लोगों ने सवाल उठाए। इन लोगों ने संभाली आयोजन की व्यवस्थाराम बारात के आयोजन में कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण गुप्ता, कौशल किशोर दुबे, मंत्री राजेश कसेरे, आदर्श मिश्रा, अतुल कसेरे, रवि कनौजिया, पंकज वर्मा, मनोज कनौजिया, संजय मिश्रा, प्रतीक्षा, अमित शुक्ला, कोषाध्यक्ष अखिलेश वाजपेई, गुड्डन, मंच व्यवस्थापक नरेंद्र नाथ मिश्रा, लक्ष्मीकांत गुप्ता, राम बारात संयोजक दीपक मिश्रा और सहसंयोजक श्याम सुंदर गुप्ता, शिवांग रस्तोगी व प्रबल त्रिपाठी रहे ।
भव्य राम बारात में उमड़ा आस्था का सैलाब, धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



