युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कादरी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर आईटीआई मोहल्ले में शुक्रवार सुबह 20 वर्षीय युवक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिखर (20) पुत्र ओम प्रकाश त्रिवेदी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार शिखर की मां बबीता देवी, भाई हिमांशु और बहन रुचि एक सप्ताह पूर्व परिवार सहित हरिद्वार घूमने गए थे। शुक्रवार सुबह जब सभी लोग वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो गेट तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया गया। कमरे में पहुंचते ही शिखर का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजन बदहवास हो गए।तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मृतक के मोबाइल सहित अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। शिखर की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।