मतदाता सूची से छूटे नामों को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

0
21

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण कराने और निर्वाचक नामावली को अद्यतन बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 977 मतदान केंद्र और 1,642 मतदेय स्थल हैं। इनके लिए 1,642 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा 166 सुपरवाइजर तैनात हैं। नौ अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 11,79,254 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 6,52,657 पुरुष, 5,26,576 महिलाएं और 21 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार कायमगंज में 3,48,816, अमृतपुर में 2,67,573, फर्रुखाबाद में 2,80,831 और भोजपुर में 2,82,034 मतदाता दर्ज हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीएलओ पूर्व की निर्वाचक नामावली और वर्तमान में प्रकाशित मतदाता सूची का तुलनात्मक परीक्षण करें। पूर्व की सूची में नाम होने के बावजूद वर्तमान सूची से बाहर रह गए मतदाताओं को चिह्नित कर उनके घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों के नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने में सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि चिह्नित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाए। भरे हुए फॉर्म-6 और सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आगे की कार्रवाई समय से पूरी हो सके।डीएम ने रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों, बेघर व्यक्तियों और वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों, जनसंपर्क और मतदाता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सहयोग की अपील की। बैठक में बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि राम रतन गौतम, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि एडवोकेट अंकुश सिंह, अपना दल एस के प्रतिनिधि आयुष गुप्ता, भाजपा प्रतिनिधि मुकेश गुप्ता, सीपीआई जिलाध्यक्ष सुनील कुमार कटियार, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कटियार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]