बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शहर में धूमधाम से निकाली गयी शोभायात्रा

Uncategorized

फर्रुखाबाद: भगवान बुद्ध की जयंती एवं बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों पर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा का जगह-जगह भगवान बुद्ध का आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के जयकारे भी लगाये।

रविवार शाम भगवान गौतम बुद्ध के अनुयायियों ने बीबीगंज चौकी से शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा बीबीगंज से शुरू होकर तिकोना, चौक, रेलवे रोड होती हुई श्यामादेवी सभागार ठंडी सड़क पहुंची। जिसमें गौतम बुद्ध के अलावा चन्द्रगुप्त मौर्य व अन्य विभिन्न झांकियां निकाली गयीं। महिलाओं ने भी शोभायात्रा में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने एक दूसरे को बौद्ध जयंती के अवसर पर बधाइयां दीं और बुद्धं शरणं गच्छामि नाम के गीत पर जमकर झूमे।

इस दौरान रामऔतार शाक्य, विनय सिंह, शिवसरन, लालाराम, रामवरन, बनवारीलाल, के के सिंह, अतर सिंह, देवकीनंदन शाक्य आदि लोग मौजूद रहे।

 

शोभा यात्रा निकालकर दिया मानव मानव एक समान का संदेश
कायमगंज (फर्रुखाबाद) : बुद्धपूर्णिमा की पावन बेला पर बौद्ध भक्तों ने नगर में शोभायात्रा निकाल कर नगर वासियों को महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं का स्मरण कराया । बुद्धम् शरणम् गच्छामि धम्मम् शरणम् गच्छामि,संघम् शरणम् गच्छामि के संदेश के साथ भगवान बुद्ध द्वारा किये गये मानव मानव एक समान के उदघोष से नगर के परिवेष को बुद्धमय कर दिया।

शोभायात्रा लोंगों को दया करुणा और प्रेम का संदेश देती हुई नगर के गल्लामंडी  चौराहे से बौद्ध पताकाएं उठाते हुए रवाना हुई। गल्लामण्डी,मुख्यचौराहा,बजाजा,लौहाई,श्यामा गेट,बजरिया,काजमखां,पुलगालिब से पानी की टंकी रोड पर होती भूसामण्डी चौराहे से रेलवे रोड से गुजरती और ट्रांसपोर्ट चौराहे से होकर भगबती टाकीज के पास अम्बेडकर प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गयी।

शोभायात्रा का संयोजन भारतीय बौद्ध महासभा कायमगंज द्वारा किया गया। शोभायात्रा का नेतृत्व सोनेलाल बौद्ध और अनोखेलाल शाक्य ने किया।इस अवसर पर सीपी सिंह मण्डल अध्यक्ष,  अजय पाल सिंह जिलाध्यक्ष, नरेन्द्र सिंह,बादाम सिंह,ऋषिपाल,राकेशकुमार,केपी सिंह,रामदास ,किशन पाल ,राम लड़ौते ,अशोक कुमार ,शैलेन्द्र ,सुरेन्द्र सिंह अजय भारती ,प्रेमचन्द्र ,सहित एक सैकड़ा से अधिक लोग मौजूद रहे।

शोभ यात्रा के बाद आयोजित सभा में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए सोने लाल बौद्ध  ने कहा कि बौद्ध धर्म विश्व धर्म है यह एक वैज्ञानिक धर्म है जो लोगों को आडम्बर अंध विश्वास और अतार्किक चिंतन से निकाल कर सत्य तर्क और विज्ञान सम्मत जीवन शैली उपलब्ध कराता है।

वही मण्ड़ल अध्यक्ष सीपी सिंह ने कहा कि आज बारूद के ढेर पर बैठी और भयभीत दुनियां को बौद्धधर्म की शिक्षाओं से सुरक्षित और संरक्षित किया जा सकता है। तहसील अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज की दुनियां जो अपराध अन्याय भ्रष्टाचार और आतंक के साये में जी रही है भाई भाई का दुश्मन हो रहा है, भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है, भाई भाई का दुश्मन बनकर गला रेत रहा है, मोह की पराकाष्ठा में घोटालों और बेईमानियों का बोलबाला है। ऐसे में बौद्ध धर्म की सत्य करूणा और दया की शिक्षाए लोगों को अंधकार से निकाल कर प्रकाश में ला सकती है।

वही अजय भारती ने कहा कि ईश्वर ने सभी इंसानों को समान बनाया है लेकिन इंसानों ने अपने स्वार्थ के लिए ऊंच नीच की दीवारें खड़ी करके  समाज के बीच दूरियां और दीवारे खड़ी कर दीं हैं। बौद्ध धर्म का संदेश मानव मानव एक समान इन दूरियों और दीवारों को इंसानों के बीच से हटाकर समानता और प्रेम के परिवेश को कायम करता है।